विश्वभर में कोरोना वायरस के मामले दो करोड़ हुए

Tuesday, Aug 11, 2020 - 05:54 PM (IST)

रोम, 11 अगस्त (एपी) दुनियाभर में कोरोना वायरस के पुष्ट मामलों की संख्या बढ़कर दो करोड़ हो गई है। संक्रमण के कुल मामलों में से आधे से ज्यादा सिर्फ अमेरिका, भारत और ब्राजील से हैं। वहीं रूस मंगलवार को पहला देश बन गया जिसने वायरस के टीके का पंजीकरण किया है।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने घोषणा की कि देश में विकसित कोविड-19 टीके का पंजीकरण कर लिया गया है और एक टीका उनकी बेटियों में से एक को पहले ही लगाया जा चुका है। उन्होंने कहा, ‘‘वह अच्छा महसूस कर रही है और उसमें एंटीबॉडी की संख्या ज्यादा हो गई है।’’
जॉन हॉपकिंस विश्वविद्यालय के आंकड़ों के मुताबिक रूस में आठ लाख 90 हजार से अधिक मामले हो गए हैं।

चीन में पिछले साल कोविड-19 का पहला मामला सामने आने के बाद छह महीने में मामले बढ़कर एक करोड़ हुए थे और अब केवल छह सप्ताह के अंदर यह दोगुना हो गए।

‘एपी’ द्वारा किए गए आंकड़ों के विश्लेषण के अनुसार 22 जुलाई को दुनियाभर में संक्रमण के मामलों की संख्या डेढ़ करोड़ होने के बाद से आए कुल मामलों के करीब दो-तिहाई अमेरिका, भारत और ब्राजील से हैं।

स्वास्थ्य अधिकारियों का मानना है कि सीमित जांच और कम से कम 40 प्रतिशत लोगों में कोविड-19 का कोई लक्षण नहीं होने की वजह से संक्रमितों की वास्तविक संख्या ‘जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय’ की ओर से जारी आंकड़ों से अधिक होने की संभावना है।
यूरोप में कई देशों में ऐसा प्रतीत हुआ कि राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के दौरान महामारी पर नियंत्रण पा लिया गया है। फिनलैंड, फ्रांस और जर्मनी ने घोषणा की है कि खतरे वाले देशों से यात्रियों के आने पर वे जांच करेंगे।

स्पेन में पश्चिमी देशों में सर्वाधिक संक्रमित मामले तीन लाख 23 हजार हैं। यहां सोमवार को 1486 नये मामले सामने आए। देश में तीन महीने के लॉकडाउन के बाद 21 जून को इसे समाप्त कर दिया गया था।

यूनान ने जल्द ही कड़े लॉकडाउन लगा दिए थे और यूरोपीय महामारी के दौरान यहां मामले कम थे, लेकिन सरकार ने महामारी पर नियंत्रण करने के लिए सोमवार को नये उपायों की घोषणा की। इसने कई क्षेत्रों में रेस्तरां, बार और कैफे मध्य रात्रि से सुबह सात बजे के बीच बंद रखने के आदेश दिए।

यूरोप के बाहर संक्रमण की दर काफी ज्यादा है।

रोजाना सामने आ रहे नए मामलों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। भारत में नए मामलों का सात दिन का औसत 58,768 है। वहीं, अमेरिका में अब 50 लाख से अधिक मामले हैं। संक्रमण का औसत 22 जुलाई से घटा है और एक दिन के मामलों की संख्या 53813 है।
‘जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय’ के आंकड़ों के अनुसार दुनिया में कोविड-19 के मामलों को दोगुना होकर दो करोड़ होने में 45 दिन लगे हैं। वहीं, मृतक संख्या 4,99,506 से बढ़कर 7,36,191 हुई है। रोजाना औसतन 52,00 से अधिक लोगों की जान जा रही है।

दक्षिण अफ्रीका में पांच लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं। विश्व में सर्वाधिक एचआईवी पॉजिटिव लोगों वाले इस देश में एंटीरेट्रोवियल दवाओं की आपूर्ति बाधित हो गई है और संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी का कहना है कि इससे पांच लाख अतिरिक्त एड्स संबंधी मौत हो सकती हैं।

पूरी दुनिया में कोरोना वायरस से जितनी मौत हुई है उसका पांचवां हिस्सा या एक लाख 63 हजार से अधिक मौत अमेरिका में हुई है। यह दुनिया में सर्वाधिक मौतों का आंकड़ा है।

न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा आर्डन ने मंगलवार को कहा कि अधिकारियों ने ऑकलैंड के एक घर में कोरोना वायरस के चार मामले पाए जो किसी अज्ञात स्रोत से हुए हैं। 102 दिनों में देश में स्थानीय संचरण का यह पहला मामला है।

इंडोनेशिया और जापान सहित कई देशों में कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं।
एपी नीरज नीरज नरेश नरेश 1108 1751 रोम

यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency

Advertising