अमेरिका में 3,346 पौंड गांजे की तस्करी करने के आरोप में एक भारतीय गिरफ्तार

Wednesday, Jun 17, 2020 - 12:19 PM (IST)

वाशिंगटन, 17 जून (भाषा) कनाडा से अमेरिका में करीब 3,346 पौंड गांजे की तस्करी करने के आरोप में एक भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। गांजे की कीमत लगभग 50 लाख डॉलर है।

अमेरिकी अटॉर्नी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
गुरप्रीत सिंह (30) को 1000 किलोग्राम या उससे अधिक गांजे को तस्करी के इरादे से अपने पास रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप साबित होने पर उसे कम से कम 10 साल और अधिकतम उम्रकैद की सजा हो सकती है।

सिंह कनाडा के पीस ब्रिज से अमेरिका में नियाग्रा फॉल्स की ओर एक ट्रक चलाकर ला रहा था तभी उसे गिरफ्तार किया गया।

संघीय शिकायत के अनुसार सिंह ने पूछताछ के दौरान एक सीबीपी अधिकारी को बताया कि वह पीट मॉस (बागवानी में काम में आने वाला पदार्थ) की आपूर्ति ऑरेंज, वर्जीनिया करने जा रहा है। लेकिन अधिकारी को ट्रक में कुछ संदिग्ध दिखा और उसकी तलाशी ली गई, जिसमें करीब 3,346.35 पौंड गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 50,00,000 डॉलर है।

अमेरिका में गांजे की तस्करी के आरोप में एक सप्ताह में यह दूसरे भारतीय ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency

Advertising