जापान के प्रधानमंत्री के निवास के बाहर ओलंपिक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन, जानिए वजह

Thursday, Jul 29, 2021 - 11:30 PM (IST)

टोक्योः दर्जन भर लोगों ने गुरूवार को टोक्यो में जापान के प्रधानमंत्री के निवास के सामने यहां चल रहे ओलंपिक खेलों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया क्योंकि देश में लगातार तीसरे दिन कोरोना वायरस के नए मामलों में वृद्धि दर्ज की गई। विरोध कर रहे लोगों ने दावा किया कि अंतरराष्ट्रीय खेल महाकुंभ की मेजबानी ही बढ़ते मामलों का मुख्य कारण है। 

टोक्यो में बुधवार को 3,177 कोविड-19 पॉजिटिव मामले दर्ज किए गए थे जिनकी संख्या गुरूवार को बढ़कर 3,865 हो गई जो एक हफ्ते पहले आये मामलों की दोगुनी संख्या है और ये पिछले साल महामारी शुरू होने के बाद सबसे ज्यादा मामले हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि अगर स्थति में सुधार नहीं होता है तो देश की चिकित्सीय व्यवस्था भी दबाव में आ जाएगी। टोक्यो में  12 जुलाई से आपात स्थिति लगी हुई है। टोक्यो के करीब तीन प्रांत के गर्वनर भी मामले बढ़ने से चिंतित हैं और उन्होंने कहा कि वे प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा से अपने प्रांत में भी आपात स्थिति लगाने के लिए कहेंगे।

Pardeep

Advertising