दूसरी बार माता- पिता बने प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल, मां और महारानी एलिजाबेथ पर रखा बच्ची का नाम

Monday, Jun 07, 2021 - 07:10 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क:  प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल दूसरी बार माता पिता बन गए हैं। डचेस ऑफ ससेक्स मेगन मार्कल ने एक स्वस्थ‌ बच्ची को जन्म दिया है।  प्रिंस हैरी और मेगन के प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि दंपति अपनी दूसरी संतान लिलिबेट’लिली’ डायना माउंटबेटन-विंडसर का स्वागत कर रहे हैं। बच्ची का वजन सात पौंड 11 आउंस है।


प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल ने एक बयान जारी कर कहा है कि उनकी बेटी का जन्म शुक्रवार 4 जून को सैंटा बारबरा कॉटेज अस्पताल में सुबह 11:40 बजे हुआ। बच्ची की पैदाईश के बाद मां और बेटी दोनों स्वस्थ हैं और अब अपने घर में हैं। दोनों की पहली संतान आर्ची का जन्म 2019 में हुआ था। उन्होंने कहा कि हमारे परिवार के लिए इस खास समय पर आपके समर्थन के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। 


बच्ची का पहला नाम ‘लिलिबेट’ महारानी एलिजाबेथ को प्यार से बुलाए जाने वाला नाम है। वहीं दूसरा नाम उसकी दादी और हैरी की मां के सम्मान में है। यह बच्ची ब्रिटेन के तख़्त के वारिसों में आठवें स्थान पर है। बच्ची के जन्म की खबर के साथ उसकी कोई तस्वीर अभी जारी नहीं की गई है। 

बच्ची का जन्म ऐसे समय हुआ है जब शाही परिवार और दंपति के बीच दूरियां बढ़ी हुई हैं। हैरी और मेगन ने मार्च में ओप्रा विन्फ़्रे को दिए साक्षात्कार में कई ऐसी बातों का खुलासा किया था, जिससे शाही परिवार की काफी आलोचना हुई थी। 
 

vasudha

Advertising