अमरीकी खजाने को महंगी पड़ रही हैं ट्रंप की यात्राएं!

Thursday, Apr 13, 2017 - 04:30 PM (IST)

वॉशिंगटनः अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप किसी न किसी कारण सुर्खियों में बने रहते है। इस बार ट्रंप अपने खर्चों को लेकर चर्चा में है। दरअसल राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रंप ने अब तक अमरीका के खजाने को खाली करने का काम किया है। अपनी रंगीन मिजाजी के लिए मशहूर ट्रंप की छुट्टियों की कीमत अमरीका की जनता को चुकानी पड़ रही है।

20 जनवरी को कार्यभार संभालने के बाद से लेकर अब तक ट्रंप कई बार फ्लोरिडा जा चुके हैं। उनकी यह यात्राएं अमरीकी खजाने को काफी महंगी पड़ रही हैं। अब तक इसपर करीब 1 अरब 54 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं। ट्रंप से पहले अमरीका के राष्ट्रपति रहे बराक ओबामा के साथ तुलना करें, तो ओबामा ने अपने राष्ट्रपति कार्यकाल के पहले दो साल में आधिकारिक यात्राओं पर जितना खर्च किया था, उसके बराबर तो ट्रंप ने अपने ढाई महीने के कार्यकाल में ही खर्च कर दिया है। अगर ट्रंप एेसे ही अपनी यात्राओं पर खर्चे करते रहे तो ट्रंप इस मामले में ओबामा को पिछाड़ देंगे।


सात बार वीकेंड गुजारने फ्लोरिडा गए ट्रंप
अपने कार्यकाल में अब तक ट्रंप ने कुल सात सप्ताहांत फ्लोरिडा स्थित अपने रिसॉर्ट में गुजारे हैं। अनुमान के मुताबिक, इनमें से हर यात्रा पर करीब 19 करोड़ की राशि खर्च होती है। राष्ट्रपति के लंबे-चौड़े सुरक्षा काफिले में काफी खर्च आता है। वहीं दूसरी तरफ, दो बार राष्ट्रपति रहे ओबामा के 8 सालों के कार्यकाल में ओबामा की यात्राओं का बिल करीब 6 अरब 22 करोड़ रुपए था। ओबामा की यात्राओं पर हर साल 77 करोड़ रुपए खर्च हुए। राष्ट्रपति बनने के एक महीने के भीतर ही ट्रंप ने इस रकम की बराबरी कर ली। यह तो केवल ट्रंप की यात्राओं के ऊपर हुआ खर्च है। अगर उनके पूरे परिवार पर होने वाले सरकारी खर्च की बात करें, तो यह राशि काफी ज्यादा हो जाएगी। उनकी पत्नी मेलानिया और सबसे छोटा बेटा न्यू यॉर्क स्थित ट्रंप टावर में ही रह रहे हैं। उनकी सुरक्षा पर हर महीने काफी भारी-भरकम खर्च किया जा रहा है। इतना ही नहीं, ट्रंप अब तक तीन बार गोल्फ खेलने के लिए छुट्टी पर जा चुके हैं जिसके चलते सरकारी खजाने से करीब 64 करोड़ की रकम खर्च हो चुकी है। 

Advertising