राष्ट्रपति मुर्मू, PM मोदी ने पूर्व चीनी राष्ट्रपति के निधन पर जताया शोक, ल्यूकेमिया से पीड़ित थे जियांग

Wednesday, Dec 07, 2022 - 12:04 AM (IST)

बीजिंगः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उन विश्व नेताओं में शामिल हैं जिन्होंने चीनी नेता जियांग जेमिन के निधन पर राष्ट्रपति शी जिनपिंग के प्रति संवेदना व्यक्त की। आधिकारिक मीडिया ने मंगलवार को यह जानकारी दी। जियांग 1989 से 2002 तक चीन के राष्ट्रपति और चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) के महासचिव थे। ल्यूकेमिया से पीड़ित जियांग का 30 नवंबर को शंघाई में 96 साल की उम्र में निधन हो गया था। उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। सोमवार को यहां जियांग का अंतिम संस्कार किया गया। 

मंगलवार को, सीपीसी ने बीजिंग में एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जिसमें राष्ट्रपति चिनफिंग और सत्ताधारी पार्टी तथा सरकार के अन्य वरिष्ठ नेताओं और अधिकारियों ने भाग लिया। 

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व नेता जियांग के निधन पर कई देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के नेताओं ने राष्ट्रपति चिनफिंग को फोन, पत्र भेजकर या अन्य माध्यमों से गहरा शोक व्यक्त करना जारी रखा। इसने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी उन लोगों में शामिल हैं जिन्होंने शोक व्यक्त किया है। यहां भारतीय दूतावास ने एक दिसंबर को चीनी सोशल मीडिया मंच वीबो पर अपनी पोस्ट में जियांग के निधन पर शोक व्यक्त किया था। 

Pardeep

Advertising