ताइवान में शक्तिशाली भूकंप के कारण 11 लोगों की मौत

Saturday, Feb 06, 2016 - 06:43 PM (IST)

ताइवान: ताइवान में एक शक्तिशाली भूकंप आने से एक 16 मंजिला अपार्टमेंट परिसर गिर गया जिसमें आज चीनी नव वर्ष समारोह मनाने के लिए कई परिवार जुटे थे। परिसर में भूकंप से कम से कम नौ लोग मारे गए और 30 से अधिक के मलबे में दबे होने की आशंका है। वहीं शहर के दूसरे हिस्सों में दो और लोग भूकंप की भेंट चढ़ गए।  

 
भूकंप से बुरी तरह प्रभावित हुए ताइवान शहर में मृतकों की संख्या बढ़ रही है जहां 6.4 तीव्रता का भूकंप आया था। बचावकर्ता मलबे में जीवित लोगों की तलाश करने में लगे हैं। चार इमारतों का एक पूरा रिहाइशी परिसर गिर गया जिसमें करीब 100 घर थे। नेशनल फायर एजेंसी ने कहा कि अपार्टमेंट परिसर के गिरने से मारे गए नौ लोगों में दस दिन की एक बच्ची और दो दूसरे बच्चे शामिल हैं।  
 
एजेंसी ने कहा कि शहर के अलग अलग इलाकों में मलबे में दबने से दो और लोग मारे गए। अधिकारियों ने कहा कि उन्हें पता नहीं कि अब भी परिसर के मलबे में कितने लोग दबे हुए हैं लेकिन मीडिया की खबरों में कम से कम 30 लोगों के दबे होने का अनुमान लगाया गया है। बचाव कार्य में मदद के लिए करीब 800 सैनिक बुलाए गए हैं और खोजी कुत्ते भी मलबे में तलाशी में लगे हुए हैं। 
Advertising