रोहिंग्या संकट के बीच सू ची से मुलाकात करेंगे पोप

Tuesday, Nov 28, 2017 - 01:32 PM (IST)

यंगून: रोहिंग्या संकट के बीच पोप फ्रांसिस म्यामां की नेता आंग सान सू ची से मिलने के लिए आज राजधानी नेपिताव जाएंगे। वह कल देश के सैन्य कमान से मिले थे जिसे अल्पसंख्यक रोहिंग्या मुसलमानों पर हुई कार्रवाई के लिए जिम्मेदार माना जाता है। रोहिंग्याओं पर की गई कार्रवाई को देखते हुए सू ची, म्यामां के दूसरे अधिकारियों और राजनयिकों समूह के सामने फ्रांसिस का भाषण उनके दौरे का सबसे प्रतीक्षित हिस्सा हैं।

अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र ने रोहिंग्याओं को उत्तरी प्रांत रखाइन से निकालने के सेना के अभियान को ‘‘जातीय सफाया’’ करार दिया है। अगस्त में अभियान के शुरू होने के बाद से पड़ोसी देश बांग्लादेश में 6,20,000 रोहिंग्या पलायन कर चुके हैं। पोप के कार्यालय ने कल हुई बैठक को लेकर ज्यादा जानकारी दिए बिना कहा कि बैठक में देश में बदलाव के इस दौर में अधिकारियों की व्यापक भूमिका पर चर्चा की गई।
 

Advertising