उत्तर कोरिया के साथ परमाणु वार्ता के लिए प्योंगयांग रवाना हुए पोम्पिओ

punjabkesari.in Thursday, Jul 05, 2018 - 03:26 PM (IST)

वाशिंगटनः अमरीका के विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ उत्तर कोरिया के परमाणु अस्त्रों के संबंध में किम जोंग उन से नए दौर की चर्चा करने के लिए आज प्योंगयांग रवाना हुए।  अमरीका के शीर्ष राजनयिक और वरिष्ठ सहायकों ने स्थानीय समयानुसार तड़के दो बजे के बाद उड़ान भरी और वह शुक्रवार को उत्तर कोरिया की राजधानी पहुंचेंगे। पोम्पिओ पहली बार रातभर वहां रुकेंगे। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले महीने सिंगापुर में ऐतिहासिक शिखर वार्ता में किम से मुलाकात की थी।

उत्तर कोरिया ने अमेरिका की ओर से सुरक्षा गारंटी के बदले में परमाणु निरस्त्रीकरण का वादा किया था। बहरहाल , दोनों नेताओं के हस्ताक्षर वाले बयान में प्रतिबद्धताओं का विस्तार से जिक्र नहीं था और पोम्पिओ को कोरियाई प्रायद्वीप के ‘‘ पूर्ण परमाणु निरस्त्रीकरण ’’ का लक्ष्य हासिल करने के लिए योजना बनाने का जिम्मा दिया गया।

पोम्पिओ का प्योंगयांग में कल देर शाम और शनिवार को सुबह बातचीत के बाद तोक्यो जाने का कार्यक्रम है जहां वह जापान और दक्षिण कोरिया के अपने समकक्षों को बातचीत का ब्यौरा देंगे। इसके बाद वह वियतनाम और अबू धाबी जाएंगे तथा उसके बाद बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स पहुंचेंगे जहां वह अगले सप्ताह होने वाले नाटो सम्मेलन में ट्रंप के साथ शामिल होंगे।       


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News