इस देश में ''गपबाजी'' पर लगा बैन, नियम तोड़ने पर मिलेगी अजीब सजा

Tuesday, May 07, 2019 - 02:17 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः किसी भी देश के लोग हों गप्पें मारना जरूर पसंद करते हैं। और दुनियाभर में ऐसे बहुत से लोग हैं गपबाजी करके ही अपना टाईम पास करते हैं। लेकिन एक देश ऐसा भी है जहां गपबाजी पर बैन लगा दिया गया है। ये नियम लागू हुआ फिलीपींस देश के बिनालोनान शहर में जहां नियम तोड़ने पर अजीब सजा भी रखी गई है। यहां नियम का उल्लंघन करने पर 725 रुपए जुर्माने के साथ ही तीन घंटे तक शहर की सफाई भी करनी पड़ेगी।

राजधानी मनीला से 200 किमी दूर स्थित इस शहर में प्रशासन ने पाबंदी लगाने के कारणों में बताया है कि इससे अफवाहें फैल रही थीं। जिसके चलते मारपीट और हत्या जैसे अपराध हो रहे थे। इस कानून को एक मई से लागू कर दिया गया है। हालांकि रात को दस बजे के बाद लोगों को गपबाजी करने की छूट है।इस कानून को शहर के मेयर रेमन गुइको ने पारित करवाया है।

मेयर का मानना है कि अफवाहें गर्मियों में सबसे ज्यादा फैलती हैं। क्योंकि ऐसे में लोग पेड़ों के नीचे बैठकर एक दूसरे के अफेयर और पैसों को लेकर बातचीत करते हैं। लोग विवाद, पैसा, रिलेशनशिप और ऐसे ही अन्य विषयों पर बातचीत कर अपना समय बर्बाद करते हैं। मेयर का कहना है कि इस तरह की पाबंदी से लोगों की जिंदगी और भी बेहतर हो पाएगी।

वहीं अगर कोई शख्स दूसरी बार इस नियम को तोड़ते हुए पाया गया तो उसपर 1350 रुपए का जुर्माना लगेगा। और साफ सफाई तीन की बजाय आठ घंटे तक करनी होगी। इस शहर के अलावा इस कानून को सात गांवों में भी लागू किया गया है। कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी की एक रिसर्च में भी ये बात सामने आई थी कि लोग दिन में 52 मिनट गपबाजी करने में बिताते हैं। इस मामले में युवा बुजुर्गों से आगे हैं।

Tanuja

Advertising