श्रीलंका में राष्ट्रपति गोटबाया के इस्तीफे के बाद लोगों ने मनाया जश्न, फोड़े पटाखे...खुशी से झूमे प्रदर्शनकारी

Friday, Jul 15, 2022 - 12:41 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने अपने पद से आखिरकार इस्तीफा दे दिया। संसद के अध्यक्ष महिंदा यापा अभयवर्धने ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। दिवालिया हो चुके देश की अर्थव्यवस्था को न संभाल पाने के कारण अपने और अपने परिवार के खिलाफ बढ़ते जन आक्रोश के बीच देश छोड़कर चले जाने के दो दिन बाद राजपक्षे ने इस्तीफा दिया है।

 

वहीं राष्ट्रपति गोटबाया के इस्तीफे के बाद श्रीलंका के लोगों ने जमकर जश्न मनाया। राष्ट्रपति गोटबाया के इस्तीफा के खबर सुनते ही लोग खुशी से झूम उठे। वहीं कई जगह पर आतिशबाजी भी की गई। लोगों ने इस दौरान जमकर पटाखे फोड़े।

 

ईमेल किया इस्तीफा

एक ‘‘निजी यात्रा'' पर सिंगापुर जाने की अनुमति मिलने के तुरंत बाद राजपक्षे (73) ने संसद के अध्यक्ष को अपना इस्तीफा पत्र ईमेल के जरिए भेजा। अध्यक्ष अभयवर्धने ने शुक्रवार को सुबह राजपक्षे के इस्तीफा पत्र की विश्वसनीयता की पुष्टि करने के बाद उनके पद छोड़ने की आधिकारिक घोषणा की। अध्यक्ष ने एक संक्षिप्त बयान में कहा कि प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे संसद द्वारा नया राष्ट्रपति चुने जाने की प्रक्रिया पूरी होने तक अंतरिम राष्ट्रपति का प्रभार संभालेंगे।

 

उन्होंने कहा, ‘‘मैं सभी दलों के नेताओं, सरकारी अधिकारियों और सुरक्षा अधिकारियों से सहयोग करने का अनुरोध करता हूं। मैं जनता से विनम्रतापूर्वक ऐसा शांतिपूर्ण माहौल बनाने का अनुरोध करता हूं, जिसमें सभी सांसद अपने विवेक के अनुसार आजादी से काम कर सकें।'' श्रीलंका की संसद की बैठक शनिवार को होगी। बता दें कि राजपक्षे बिना इस्तीफा दिए देश छोड़कर मालदीव चले गए थे। मालदीव से वह गुरुवार को सिंगापुर चले गए थे। बता दें कि 2.2 करोड़ की आबादी वाला देश श्रीलंका सात दशकों में सबसे खराब आर्थिक संकट से जूझ रहा है, जिसके चलते लोग खाद्य पदार्थ, दवा, ईंधन और अन्य जरूरी वस्तुएं खरीदने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

Seema Sharma

Advertising