पेरिस हमलावर का बेल्जियम IS से संबंध : रिपोर्ट

Monday, Nov 16, 2015 - 05:13 PM (IST)

ब्रसेल्स:पेरिस हमलों के एक फिदाई हमलावर का संबंध बेल्जियम के इस्लामिक स्टेट आतंकवादी संगठन से था और माना जाता है कि वह जनवरी में ध्वस्त की गई एक आतंकवादी टुकड़ी का सरगना था। 

जानकारी के अनुसार, 2010 आेर 2011 में आपराधिक मामलों के संबंध में प्रमुख आतंकवादी अब्देलहामिद अबाउद के साथ पुलिस की कई फाइलों में पेरिस हमलावर ब्राहिम अब्देसलाम का नाम दर्ज है। इसमें पूर्वी बेल्जियम के एक शहर का हवाला देते हुए कहा गया है कि ‘‘जांचकर्ताओं को वरवियर्स और उसके बीच नाता दिखा है।’’ 

पेरिस में शार्ली एब्दो पर हुए हमलों के कुछ दिन बाद बेल्जियम के इस शहर में जनवरी में पुलिस ने दो आतंकवादी को मार गिराया था और एक गुट का पर्दाफाश किया था जो बेल्जियम पुलिस अधिकारियों को निशाना बनाने वाला था। बेल्जियम के अभियोजक तत्काल बयान के लिए उपलब्ध नहीं हुए। 

मोरक्को मूल का बेल्जियम का रहने वाला 27 वर्षीय अबाउद अभी फरार है। वह कथित रूप से समूह का नेतृत्व करता था और उसने सीरिया में इस्लामिक स्टेट के साथ लड़ाई भी लड़ी थी। बहरहाल, आईएस के अंग्रेजी भाषी पत्रिका में एेसा दावा किया गया है कि वह फिर से सीरिया में समूह में शामिल हो गया है। बेल्जियम में रहने वाले फ्रांसीसी नागरिक अब्देसलम ने बोलेवार्द वोल्तेयर बार के बाहर खुद को विस्फोट कर उड़ा लिया था।

अबाउद ब्रसेल्स डिस्ट्रिक्ट के मोलेनबीक में रहता था जिसे इस्लामिक आतंकवाद के ठिकाने के तौर पर माना जाता है। फ्रांसीसी पुलिस अब्देसलम के ब्रसेल्स में जन्मे भाई सलाह की तलाश कर रही है। माना जाता है कि सलाह का भी पेरिस हमलों से संबंध जुड़ा है। 

Advertising