पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की राजधानी लाहौर में विस्फोट,  20 घायल

Monday, Aug 07, 2017 - 11:45 PM (IST)

लाहौर: पाकिस्तान में पंजाब प्रांत की राजधानी लाहौर में सोमवार रात हुए एक विस्फोट में कम से कम 20 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि विस्फोट लाहौर के बुंद रोड इलाके में हुआ। घायलों में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया जहां पर आपात स्थिति घोषित कर दी गई। विस्फोट के कारण का अब तक पता नहीं चल सका है। 

पाकिस्तान की सांस्कृतिक राजधानी लाहौर में हाल के महीनों में कई आतंकी हमले देखने को मिले हैं। 24 जुलाई को एक तालिबानी आत्मघाती हमलावर ने यहां पंजाब के मुख्यमंत्री शाहबाज शरीफ के आवास-सह- कार्यालय के निकट पुलिस की एक टीम पर हमला कर दिया था जिसमें पुलिसकर्मी सहित 27 लोग मारे गए थे। अप्रैल में लाहौर के बेडैन रोड पर जनसंख्या का आंकड़ा एकत्र करने वाली एक टीम पर एक आत्मघाती हमलावर ने हमला किया था जिसमें छह लोग मारे गए थे और 15 अन्य घायल हो गए थे। फरवरी में यहां पंजाब विधानसभा के निकट एक आत्मघाती हमले में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सहित 14 लोग मारे गए थे।   

Advertising