न्यूयॉर्क में यहूदी केंद्र पर आतंकी हमले की साजिश, पाकिस्तानी युवक ने कोर्ट में कबूला जुर्म

punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 03:23 PM (IST)

International Desk: अमेरिका के न्यूयॉर्क में एक बड़े आतंकी हमले की साजिश रचने वाले पाकिस्तानी नागरिक को अदालत ने दोषी करार दिया है। 21 वर्षीय मुहम्मद शाहजेब खान ने 2024 में ब्रुकलिन स्थित एक प्रमुख यहूदी धार्मिक केंद्र पर हमला करने की योजना बनाई थी। उसने अदालत में अपने अपराध को स्वीकार कर लिया है। खान पर अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद से जुड़े गंभीर आरोप लगे थे। उसने अमेरिकी जिला न्यायाधीश Paul Gardephe के सामने अपना जुर्म कबूल किया। इस अपराध के लिए उसे अधिकतम उम्रकैद की सजा हो सकती है। अदालत ने सजा सुनाने की तारीख 12 अगस्त तय की है।

 

जांच एजेंसियों के मुताबिक, खान कनाडा में रह रहा था और “शाहजेब जदून” नाम से भी जाना जाता था। वह ISIS (Islamic State) से प्रभावित था और सोशल मीडिया पर उसके समर्थन में सामग्री भी साझा करता था। जांच में यह भी सामने आया कि उसने 7 अक्टूबर 2024 के आसपास हमले की योजना बनाई थी, ताकि अधिक से अधिक यहूदियों को निशाना बनाया जा सके। उसने अपनी साजिश दो ऐसे लोगों से साझा की, जो असल में अंडरकवर अधिकारी थे। उसने उनसे हथियार, गोला-बारूद और अन्य जरूरी सामान जुटाने को कहा था।

 

खान ने शुरुआत में अलग-अलग जगहों को निशाना बनाने की योजना बनाई, लेकिन बाद में उसने न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन स्थित यहूदी केंद्र को अंतिम लक्ष्य चुना। वह स्वचालित हथियारों से हमला करना चाहता था। सितंबर 2024 में वह एक मानव तस्कर की मदद से कनाडा से अमेरिका में घुसने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सीमा से करीब 12 मील पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस तरह एक बड़ा आतंकी हमला होने से पहले ही नाकाम कर दिया गया। सुनवाई के दौरान खान ने स्वीकार किया कि वह यहूदियों की हत्या के इरादे से अमेरिका जा रहा था। हालांकि, उसने बाद में अपने कृत्य पर पछतावा जताया और इसे “गलत और नैतिक रूप से निंदनीय” बताया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News