पाकिस्तानी बच्चों के 23 सेकंड का वीडियो आपको सोचने के लिए कर देगा मजबूर

Saturday, Nov 10, 2018 - 05:19 PM (IST)

इस्लामाबादः  पाकिस्तान के बच्चों के खेल का एक एेसा वीडियो वायरल हो रहा जो न सिर्फ होश उड़ाने वाला है, बल्कि पाक की खतरनाक हकीकत भी बेनकाब कर रहा है। 22-23 सेकंड का ये वीडियो किसी गली-कूचे सी जगह का है। पहली नजर में लगता है कि बच्चों का खेल चल रहा है। वीडियो में पांच से सात साल के 3 बच्चे नजर आते हैं, जिनके हाथ में एक गुड़िया है। ये एक नारा लगाते हुए गुड़िया को थामे आगे बढ़ रहे हैं। ये बच्चे साफ बोल नहीं पा रहे हैं, लेकिन नारा लगाते हैं - ब्लासफेमी की एक सजा, सर तन से जुदा सर तन से जुदा।

एक चौथा बच्चा भी है। उसके हाथ में एक डंडा है। डंडे के एक सिरे पर रस्सी सी लटक रही है। तीनों बच्चे गुड़िया को लेकर यहां पहुंचते हैं। उनमें से एक रस्सी में पड़ी गांठ खोलने लगता है।फिर ये लोग उस गुड़िया को रस्सी में बांधने लगते हैं। एक कहता है- आसिया को इधर कर।. दूसरा कहता है- आसिया को  इधर कर। फिर तीनों हंसते हुए उस गुड़िया का गला रस्सी के फंदे से बांधते हैं। तीनों हंस रहे हैं। उनके साथ वाले बच्चे फ्रेम में नहीं दिखते, लेकिन उनकी भी हंसी सुनाई दे रही है।

गुड़िया का गला रस्सी से बांधने के बाद एक बच्चा कहता है - ओए, बस बस बस, फिर ये बच्चे गुड़िया को छोड़ देते हैं। गर्दन रस्सी से बंधी होने के कारण वो हवा में लटकने लगती है। बच्चे ये देखकर बहुत खुश हैं और ताली बजाकर हंसते हुए कह रहे हैं कि आसिया को फांसी लग गई, आसिया को फांसी लग गई। बता दें कि चार बच्चों की मां आसिया बीबी (47) पर उनके पड़ोसियों के साथ झगड़े के दौरान इस्लाम धर्म का अपमान करने (ईशनिंदा) का आरोप लगा था, जिसके बाद 2010 में उन्हें दोषी ठहराया गया था।
 

Tanuja

Advertising