शिस्पर ग्लेशियर पिघलने से  PoK में ताश के पत्तों सा ढह गया चीन का बनाया पुल, देखें वीडियो

Thursday, May 12, 2022 - 11:05 AM (IST)

पेशावरः पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के गिलगिट-बाल्टिस्तान इलाके में चीन का बनाया एक पुल  गर्मी के प्रकोप से टूट गया। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल भीषण गर्मी की वजह से शिस्पर ग्लेशियर तेजी से पिघल रहा है और इसी वजह से हिमनद झील में बाढ़ आ गई। यह पुल काराकोरम राजमार्ग पर बना था। वीडियो में देखा जा सकता है कि पुल ताश के पत्तों की तरह गिर गया और पानी में बह गया। 

 

पाकिस्तान की मंत्री शेरी रहमान ने एक  ट्वीट में बताया कि जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने पहले ही इसकी चेतावनी दी थी। शिस्पर ग्लेसियर से तेज बहाव की वजह से पिलर के नीचे कटाव होने लगा जिस वजह से पुल ढह गया। उन्होंने कहा कि है कि 48 घंटे में यहां फिर से एक अस्थाई पुल बनाया जाएगा। 

पाकिस्तान के लिए यह पुल इसलिए खास था क्योंकि पीओके से काराकोराम वैली होकर चीन जाने वाला रास्ता इसी पुल से जुड़ता था। घाटी और ऊंची सड़कों की वजह से इस पुल को भी आकर्षण का केंद्र माना जाता था। चीन ने इस  पुल का निर्माण करवाया था। इस इलाके में भीषण गर्मी और ग्लेशियर पिघलने की समस्या कई सालों से बनी हुई है। 
 
  
 

Tanuja

Advertising