पाकिस्तान ने 145 भारतीय मछुआरों को रिहा किया

Thursday, Dec 28, 2017 - 05:25 PM (IST)

इस्लामाबाद: कुलभूषण जाधव की उनके परिवार से मुलाकात कराने के तरीके पर भारत की नाराजगी के बीच पाकिस्तान ने 145 भारतीय मछुआरों को वीरवार को रिहा किया। पाकिस्तान ने इन मछुआरों को कथित तौर पर अपने जल क्षेत्र में मछली पकडऩे के लिए गिरफ्तार किया था।

पिछले सप्ताह विदेश कार्यालय के प्रवक्ता डॉ. मोहम्मद फैसल ने घोषणा की थी कि 291 भारतीय मछुआरों को दो चरणों में आठ जनवरी तक रिहा किया जाएगा। इसके बाद पाकिस्तान ने इन मछुआरों को रिहा करने का यह कदम उठाया है।   एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मछुआरों को कड़ी सुरक्षा के बीच कराची छावनी रेलवे स्टेशन लाया गया जहां से उन्हें लाहौर भेजा जाएगा।

अधिकारी ने बताया ‘‘वाघा सीमा क्रॉसिंग पर उन्हें भारतीय अधिकारियों के हवाले किया जाएगा।’’ बाकी 146 मछुआरों को आठ जनवरी को रिहा किए जाने और वापस भेजे जाने की उम्मीद है। भारतीय मछुआरों को वापस भेजने में मददगार ईदी फाउंडेशन चैरिटी ने रिहा हुए मछुआरों को तोहफे और नकदी भी वितरित की।

पाकिस्तान और भारत एक दूसरे के जल क्षेत्र में अवैध तौर पर मछली पकडऩे के लिए अक्सर मछुआरों को पकड़ते हैं। अरब सागर की सीमा स्पष्ट नहीं होने और लकड़ी की नौकाओं में जीपीएस जैसी तकनीक नहीं होने से कई बार मछुआरे भटककर दूसरे क्षेत्र में पहुंच जाते हैं।  

Advertising