पाकिस्तान ने दिया अफगान सीमा खोलने का आदेश

Monday, Mar 20, 2017 - 05:37 PM (IST)

इस्लामाबादः प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने अनिश्चितकाल के लिए बंद की गई पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा को सोमवार को तत्काल प्रभाव से खोलने का आदेश दिया है। पाकिस्तान ने सिंध प्रांत की लाल शहबाज कलंदर मस्जिद पर पिछले माह आतंकी हमले के बाद सीमा को बंद कर दिया था। इस हमले में 72 लोग मारे गए थे।

डॉन अखबार के अनुसार, शरीफ ने कहा कि सद्भावना के तहत सीमा खोलने का फैसला किया गया है। दोनों देशों में धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंध हैं। आतंकी हमले के बाद तोरखम सीमा से सभी तरह की आवाजाही और व्यापारिक गतिविधियों को बंद कर दिया गया था। विदेश मंत्रालय ने बयान में बताया कि इस महीने के शुरू में पाकिस्तान ने अपने यहां फंसे अफगानियों को स्वदेश वापसी के लिए अस्थायी रूप से तोरखम और चमन सीमा को खोल दिया था। दोनों सीमाएं 7 और 8 मार्च को खोली गई थीं। तोरखम सीमा पर नवनिर्मित पाकिस्तान गेट पिछले साल अगस्त में खोला गया था। हालांकि इस द्वार के निर्माण को लेकर दोनों ओर के सुरक्षा बलों के बीच पिछले साल झड़प भी हुई थी। इसमें 4 सैनिकों की मौत हुई थी।

Advertising