पाकिस्तान का अफगानिस्तान पर बड़ा हवाई हमला; एक ही परिवार के 16 लोगों की मौत, TTP के 7 ठिकाने तबाह (Video)

punjabkesari.in Sunday, Feb 22, 2026 - 11:33 AM (IST)

International Desk: हालिया आत्मघाती हमलों के बाद पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर खुलकर सामने आ गया है। पाकिस्तान की सेना ने रविवार तड़के अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में एयरस्ट्राइक कर सात आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है। इस कार्रवाई में 16 लोगों की मौत की खबर है, जबकि अफगान मीडिया के अनुसार एक ही परिवार के कई सदस्य मारे गए। इस्लामाबाद में जारी बयान में पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने कहा कि यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई।

 

सरकार का दावा है कि हाल में शिया मस्जिद और खैबर-पख्तूनख्वा के बन्नू में हुए आत्मघाती हमलों के पीछे तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP), फितना अल ख्वारिज (FAK) और इस्लामिक स्टेट खुरासान प्रांत (ISKP) से जुड़े नेटवर्क थे, जो अफगानिस्तान की जमीन से संचालित हो रहे थे। पाकिस्तानी सेना के अनुसार, सात आतंकी शिविरों को सटीक निशाना बनाकर नष्ट किया गया।वहीं अफगानिस्तानी मीडिया ‘टोलो न्यूज’ की रिपोर्ट के मुताबिक, नांगरहार प्रांत में एक रिहायशी घर पर हमला हुआ, जिसमें एक ही परिवार के कई लोग मलबे में दब गए।

 

अमेरिकी मानवाधिकार संगठन IHRF ने 16 लोगों की मौत का दावा किया है, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पाकिस्तान ने अफगान तालिबान सरकार पर आरोप लगाया है कि वह अपनी जमीन का इस्तेमाल पाकिस्तान विरोधी आतंकी गतिविधियों के लिए रोकने में विफल रही है। मंत्रालय ने दोहा समझौते के तहत अफगान सरकार को अपनी प्रतिबद्धताएं निभाने की याद दिलाई। दोनों देशों के बीच पहले भी सीमा पर झड़पें हो चुकी हैं। पिछले वर्ष अक्टूबर में हुई झड़पों में दोनों पक्षों के कई सैनिक मारे गए थे। ताजा एयरस्ट्राइक के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News