काला धन वापस लाने के लिए पाकिस्तान ने 10 देशों के साथ किया समझौता

Thursday, Nov 22, 2018 - 06:18 PM (IST)

इस्लामाबाद:  पाकिस्तान ने अवैध रूप से देश से बाहर ले जाए गए धन को वापस लाने के लिए 10 देशों के साथ समझौता किया है। रेडियो पाकिस्तान ने प्रधानमंत्री के जवाबदेही विभाग के विशेष सहायक शहजाद अकबर के हवाले से गुरुवार को यह जानकारी दी।

अकबर ने निजी समाचार चैनलों को बताया कि सरकार ने अवैध रूप से देश से बाहर ले जाए गए 700 अरब रुपए के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना एकत्र की है। उन्होंने बताया कि जल्द ही यह सूचना सार्वजनिक की जाएगी। अकबर ने कहा कि सरकार लगातार प्रयास कर रही है कि अवैध रूप से देश से बाहर ले जाया गया पैसा वापस लाया जाए।  

प्रधानमंत्री इमरान खान के विशेष सहायक ने कहा कि सरकार विदेश में रहने वाले पाकिस्तानी नागरिकों के हितों की रक्षा करेगी और देश में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए व्यापारी वर्ग को प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे एक दिन पहले मलेशिया में पाकिस्तानी समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री इमरान खान ने देश की अर्थव्यवस्था में उनके योगदान पर भी चर्चा की।  

Tanuja

Advertising