पाकिस्तानी सांसदों के खाने में निकला कॉकरोच, संसद भवन के दोनो कैफेटेरिया सील

Sunday, Jul 31, 2022 - 02:49 PM (IST)

इस्लामाबादः पाकिस्तान में संसद भवन के कैफेटेरिया में उस समय हंगामा मच गया जब  सांसदों के खाने में कॉकरोच निकला आया। इसके बाद इस्लामाबाद प्रशासन ने संसद भवन के दोनो कैफेटेरिया सील कर दिए गए हैं।   घटिया भोजन के कारण कई सांसद इन कैफेटेरिया में भोजन करना पहले से ही बंद कर चुके हैं। पाकिस्तान के समा टीवी के अनुसार ये बवाल तब मचा जब  कुछ सांसदों ने  भोजन के दौरान उसमें कॉकरोच देखा।

 

इसके बाद उन्होंने इस्लामाबाद के जिला प्रशासन के पास इसकी शिकायत दर्ज कराई। घटना की जानकारी मिलने ही जिला प्रशासन हरकत में आया और अधिकारियों ने कैफेटेरिया में छापेमारी की। इस दौरान उन्हें कैफेटेरिया और रसोई में कई खामियां देखने को मिली। साथ ही इस दौरान उन्होंने कैफेटेरिया और रसोई में कीड़ों-मकौड़ें और गंदगी को देखा जिसके बाद उन्होंने अगले आदेश तक दोनों कैफेटेरिया को सील कर दिया गया। सांसदों के भोजन में कॉकरोच मिलने की घटना को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं हो रही है। हर कोई इस घटना को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। हालांकि, इस मामले को लेकर अधिकारियों ने चुप्पी साध रखी है।

 

समा टीवी ने बताया कि यह इस तरह की पहली घटना नहीं है। 2014 में सदन के एक कैफेटेरिया में केचप की बोतल के अंदर एक कॉकरोच पाया गया था। सांसदों ने 2019 में भोजन में इस्तेमाल होने वाले मांस की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाया था। स्वच्छता का निम्न मानक केवल संसद भवन तक ही सीमित नहीं है। पहले भी पार्लियामेंट लाज में चूहों के संक्रमण की सूचना मिली थी। जिस पर काफी हंगामा भी हुआ था। लेकिन संसद भवन के कैफेटेरिया में खाने में कॉकरोच मिलने को लेकर हंगामा मचा हुआ है।
 

Tanuja

Advertising