8 भारतीय अधिकारी कर रहे पाकिस्तान में गड़बड़ : पाक मीडिया

Thursday, Nov 03, 2016 - 06:44 PM (IST)

इस्लामाबाद : पाकिस्तानी मीडिया ने गुरुवार को भारतीय उच्चायोग के 8 कर्मियों के नाम सार्वजनिक करके उन पर पाकिस्तान विरोधी कार्यो में लिप्त होने और गोपनीय जानकारियां भारत भेजने का आरोप लगाया है। सरकारी तौर पर इसके बारे में अभी कुछ नहीं कहा गया है।
माना जा रहा है कि भारतीय उच्चायोग कर्मियों के बारे में जानकारी पाकिस्तान सरकार ने ही लीक की है और उसे मीडिया में प्रकाशित कराया है। भारत में पिछले महीने पाकिस्तानी दूतावास के अधिकारी महमूद अख्तर को जासूसी के आरोप में हिरासत में लिया गया था और पूछताछ के बाद उसे भारत छोड़ने के लिए कहा था। उस अधिकारी ने पाकिस्तानी उच्चायोग से चलने वाले जासूसी नेटवर्क का रहस्योद्घाटन किया था और उसमें शामिल लोगों के नाम बताए थे।

पाकिस्तान सरकार ने उसके जवाब में इस्लामाबाद से भी एक भारतीय अधिकारी को देश छोड़कर जाने के लिए कहा था। हाल में पाकिस्तान ने अपने नई दिल्ली स्थित उच्चायोग से 6 पाकिस्तानी कर्मियों को वापस बुलाया है। माना जा रहा है कि ये वही लोग हैं जिनके नाम नई दिल्ली में पकड़े गए अधिकारी ने पूछताछ में बताए थे। माना जा रहा है कि जासूसी कर रहे अपने कर्मियों को बुलाने के बाद पाकिस्तान सरकार ने इस्लामाबाद में तैनात भारतीय अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का मन बनाया है।

सी के चलते उनके नाम मीडिया में सार्वजनिक कराए गए हैं जिनसे उन पर वापस जाने के दबाव बन सके। जिन लोगों के नाम सार्वजनिक किए गए हैं उनमें वाणिज्य सलाहकार राजेश कुमार अग्निहोत्री, प्रैस और संस्कृति विभाग के प्रथम सचिव बलबीर सिंह, अनुराग सिंह, अमरदीप सिंह भट्टी, धर्मेद्र, विजय कुमार वर्मा, माधवन नंदा कुमार और जयाबालन सेंथिल हैं। इन सब पर भारतीय खुफिया एजेंसी रॉ और आइबी का एजेंट बताया गया है। इन पर चीन-पाकिस्तान इकॉनोमिक कॉरीडोर के कार्य में बाधा डालने का आरोप भी लगाया गया है।
 

Advertising