कंगाल पाकिस्तान में हाहाकार: पेट्रोल-डीजल की कीमतों ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, जानें 1 लीटर Petrol-Diesel की कीमत

punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 10:48 PM (IST)

इस्लामाबाद: आर्थिक बदहाली और महंगाई से जूझ रहे पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल की कीमतों ने अब तक के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। अमेरिका-ईरान युद्ध की आग का असर अब पाकिस्तान की जनता की जेब पर बुरी तरह पड़ रहा है, जहां महज एक हफ्ते के भीतर सरकार ने दूसरी बार तेल की कीमतों में भारी इजाफा कर दिया है,।

महज एक हफ्ते में दोबारा बढ़े दाम
पाकिस्तान के ऊर्जा मंत्रालय द्वारा जारी ताजा नोटिफिकेशन के अनुसार, देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 15 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इस फैसले के बाद अब जनता को एक लीटर तेल के लिए अपनी पूरी जेब ढीली करनी पड़ रही है।

  • पेट्रोल: 399.86 रुपये से बढ़कर 414.78 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
  • हाई स्पीड डीजल (HSD): 399.58 रुपये से बढ़कर 414.58 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।

दो हफ्तों में लगी 'आग', टैक्स का भी बढ़ा बोझ
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो शहबाज शरीफ सरकार ने पिछले दो हफ्तों में पेट्रोल के दाम 33.28 रुपये और डीजल के दाम 46.16 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा दिए हैं। सितम यह कि सरकार ने कीमतों के साथ-साथ पेट्रोल-डीजल पर लगने वाली लेवी (टैक्स) में भी 13.91 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है, जिससे आम आदमी की कमर पूरी तरह टूट गई है।

IMF से मिली 'ऑक्सीजन', पर शर्तें बरकरार
तेल की कीमतों में यह बेतहाशा बढ़ोतरी उस समय की गई है जब अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने पाकिस्तान को 1.32 अरब डॉलर की वित्तीय मदद देने का भरोसा दिया है। IMF ने 8 मई को जारी बयान में कहा कि वह 'एक्सेंडेड फंड फेसिलिटी' के तहत 1.1 अरब डॉलर और पर्यावरण योजनाओं के लिए 22 करोड़ डॉलर की मदद देगा। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि इस कर्ज के बदले लगाई गई कड़ी शर्तों के कारण ही सरकार को बार-बार तेल की कीमतें बढ़ानी पड़ रही हैं।

युद्ध और किल्लत ने बढ़ाई मुसीबत
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस तरह भारत में गैस और तेल की कमी की आशंका जताई जा रही है, वही स्थिति पाकिस्तान में भी बनी हुई है। पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें और बढ़ती कीमतों ने आम जनता के सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा कर दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News