प्लेन क्रैश में रूसी एविएशन इंडस्ट्री की आयरन लेडी सहित 3 की मौत

Tuesday, Apr 02, 2019 - 10:42 AM (IST)

इंटरनेशनल डैस्कः दक्षिण-पश्चिम जर्मनी स्थित एजेलबाश शहर के पास हुए प्लेन क्रैश में रूसी एविएशन इंडस्ट्री में आयरन लेडी के नाम से मशहूर नतालिया फिलेवा (55) की विमान दुर्घटना में मौत हो गई। 6 सीटों वाले विमान में पायलट के अलावा नतालिया और उनके पिता मौजूद थे। हादसे में तीनों की मौत हो गई। नतालिया और उनके पति व्लादिस्लाव फिलेवा एस7 एयरलाइंस के सह मालिक थे।

नतालिया की नेटवर्थ 60 करोड़ डॉलर (करीब 4154 करोड़ रुपए) थी। परिवार में व्लादिस्लाव के अलावा चार बच्चे भी हैं। इसमें एक गोद ली हुई लड़की भी है। रूसी सिविल एविएशन सेक्टर में यात्रियों के लिए सुविधाएं और सुरक्षा बढ़ाने पर जोर देने के कारण नतालिया को आयरन लेडी कहा जाता था। नतालिया पिता को इलाज के लिए फ्रांस से जर्मनी ले जा रही थीं। उसी दौरान हादसा हो गया। एस7 जिसे साइबेरिया एयरलाइंस भी कहा जाता है, रूस की दूसरी सबसे बड़ी एयरलाइंस कंपनी है। कंपनी के पास 96 विमान हैं।

दुनिया के 26 देशों के 181 शहरों में यह सेवा देती है। रूस की सबसे बड़ी विमानन कंपनी एयरोफ्लोत की यह सबसे प्रमुख प्रतिद्वंद्वी है। एयरोफ्लोत सरकारी कंपनी है। नतालिया सोवियत संघ के विघटन के बाद साइबेरिया एयरलाइन का अधिग्रहण किया था। एस7 एयरलाइंस करीब एक दशक तक वन वर्ल्ड अलायंस का हिस्सा रही थी। इस अलायंस में अमेरिका, ब्रिटेन और जापान की कंपनी भी थी।

नतालिया में रूस में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम में भी शामिल रही थीं। एक बार उन्होंने कहा था, 'आप इन अधिकारियों से पूछिए कि वे एक-एक हजार डॉलर के जूते और सूट खरीदने के लिए पैसे कहां से लाते हैं। नतालिया और उनके पति एयरलाइंस के स्टाफ में भी काफी लोकप्रिय थे। स्टाफ उन्हें मम्मा और पापा बुलाते था। विशेषज्ञ एयरलाइंस की सफलता के पीछे नतालिया की मेहनत और दूरदर्शिता को सबसे बड़ी वजह बताते हैं।

Tanuja

Advertising