सुन्नी मुस्लिमों के दो धड़ों के बीच झड़प में 1 की मौत, 170 से अधिक घायल

Saturday, Dec 01, 2018 - 10:04 PM (IST)

ढाका: भारत स्थित सुन्नी मुस्लिम संगठन तबलीगी जमात के दो धड़ों के समर्थकों के बीच यहां आयोजित एक धार्मिक आयोजन में प्रभुत्व जमाने को लेकर हुई झड़प में शनिवार को 70 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई और 170 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि दो धड़ों के बीच झड़प से ढाका को उत्तर पश्चिमी क्षेत्रों से जोडऩे वाले प्रमुख राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया।

तबलीगी जमात भारतीय उपमहाद्वीप में सुन्नी मुस्लिमों के सबसे बड़े संगठनों में से एक है। इसका मुख्यालय नई दिल्ली में है जिसका उल्लेख मरकज के रूप में होता है‘भारतीय इस्लामिक विद्वान मौलाना मुहम्मद इलियाज कंधालवी ने साल 1920 में इस संगठन की स्थापना की थी।    पुलिस के अनुसार, दो धड़ों के समर्थकों के बीच झड़प में 70 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई और 170 से अधिक लोग घायल हो गए। यह झड़प उस समय हुई जब वे सुबह सभा (इज्तिमा) के लिए एकत्रित हुए। 

घटनास्थल पर मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘हमारे प्रयासों के बावजूद कई घंटे तक हिंसा चलती रही।’’ उन्होंने बताया कि ढाका के बाहरी इलाके में टोंगी जिले की तुरग नदी के किनारे इज्तिमा पर प्रभुत्व जमाने की कोशिशों के कारण झड़प हुई। डॉक्टरों ने बताया कि 150 घायलों को नजदीक के अस्पताल ले जाया गया। 20 गंभीर रूप से घायलों को ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया।

Pardeep

Advertising