पाकिस्तान के क्वेटा में क मस्जिद के नजदीक विस्फोट, 4 की मौत, 11 घायल

Monday, May 13, 2019 - 11:39 PM (IST)

कराचीः पाकिस्तान के अशांत ब्लूचिस्तान प्रांत में एक मस्जिद के नजदीक बाजार में सोमवार को हुए बम विस्फोट में 4 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि 11  लोग घायल हो गए। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है  ।पिछले चार दिनों में बलूचिस्तान में दूसरा धमाका है। विस्फोट सोमवार रात को उस समय हुआ जब लोग क्वेटा के सैटेलाइट टाउन में मस्जिद के निकट नमाज के लिए एकत्र हो रहे थे।

नमाज पढ़ने वाले लोगों को सुरक्षा मुहैया कराने के लिए पुलिस की एक वैन जैसे की मस्जिद पहुंची, तभी यह विस्फोट हुआ। क्वेटा के उपमहानिरीक्षक रज्जाक चीमा ने कहा, ‘‘विस्फोट में मस्जिद की सुरक्षा में तैनात जवानों को ले जाने वाले पुलिस के वाहन को निशाना बनाया गया जिसमें रैपिड रिस्पांस ग्रुप (आरआरजी) के चार जवानों की मौत हो गई। एक अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है।''

प्रांतीय गृह मंत्री जियाउल्लाह लैंगोव ने बताया कि हमले में 11 अन्य लोग घायल हुए हैं। ‘डॉन' अखबार की खबर में कहा गया है कि पुलिस वैन के निकट एक मोटरसाइकिल पर अत्याधुनिक बम लगाया गया था जिसमें रिमोट कंट्रोल से विस्फोट किया गया। सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है और विस्फोट में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए तलाश अभियान शुरू कर दिया है। रिपोर्ट में बताया गया कि प्रतिबंधित तहरीक ए तालिबान पाकिस्तान ने इस विस्फोट की जिम्मेदारी ली है। प्रधानमंत्री इमरान खान और बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री जाम कमाल खान ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। इससे पहले भी बलूचिस्तान में ग्वादर के एक लग्जरी होटल में शनिवार को तीन सशस्त्र आतंकवादियों के हमले में आठ लोग मारे गए थे।  

 

Pardeep

Advertising