NRI's पर कसेगी नकेल, पत्नियों को परेशान करने पर रद्द होगा पासपोर्ट

Tuesday, Sep 19, 2017 - 09:19 AM (IST)

नई दिल्लीः विदेश में रहनेवाले प्रवासी भारतीयों (एन.आर.आई. )पतियों का पत्नियों को सताना भारी पड़ सकता है। अब अगर वे ऐसा करेंगे तो उनका पासपोर्ट रद्द कर दिया जाएगा। यही नहीं, इसके लिए उन्हें जेल भी जाना पड़ सकता है। आए दिन विदेश मंत्रालय में इससे संबंधित शिकायतें मिलती रहती थी। इसको देखते हुए मंत्रालय ने यह कदम उठाया है। जानकारी के मुताबिक अब कोई अप्रवासी भारतीय अगर अपनी पत्नी के साथ किसी तरह का दुर्व्यवहार या हिंसा करता है तो उसका पासपोर्ट रद्द कर दिया जाएगा। इसके साथ ही अगर महिला पति के खिलाफ घरेलू हिंसा, यौन हिंसा की शिकायत करती है तो उसे आर्थिक मदद के तौर पर 3-6 हजार डॉलर तक की मदद दी जाएगी। ताकि वह कानूनी लड़ाई लड़ सके।

जांच के लिए बनाई गई समिति
पत्नियों द्वारा मिली इन शिकायतों के बाद विदेश मंत्रालय ने इस मामले पर संज्ञान लिया है। विदेश मंत्रालय ने जांच के लिए समिति बनाई है जो इन मामलों की जांच करेगी। इस समिति के हेड रिटायर्ड जज अरविंद कुमार गोयल होंगे जो पंजाब स्टेट कमिश्नर फॉर एन.आर.आई. के चेयरमैन भी रह चुके हैं।। समिति का मनना है कि अगर घरेलू हिंसा, पत्नी को परेशान करना, दहेज के लिए शोषण करना जैसा कोई भी मामला सामने आता है तो पति को कानूनी कार्रवाई के लिए देश वापस लाया जाएगा। विदेश मंत्रालय के पास इसका प्रस्ताव केंद्रीय महिला बाल विकास मंत्रालय ने भी भेजा था। सूत्रों के मुताबिक इस मामले में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास और विदेश मंत्रालयों के अफसर के मिलकर काम कर रहे हैं। साथ ही विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी भी विशेष रुचि ले रही हैं।

Advertising