Russia-Ukraine War: रूस में मार्शल लॉ लगाने लगाने को लेकर राष्ट्रपति पुतिन ने दिया ये बड़ा बयान

Saturday, Mar 05, 2022 - 09:08 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शनिवार को कहा कि इस समय ऐसा कुछ नहीं है जिसके कारण रूस में मार्शल लॉ लगाना पड़े। इस तरह की अटकलें थी कि रूस में मार्शल लॉ लगाया जा सकता है। इसके बाद पुतिन ने यह बयान दिया है। पुतिन ने कहा कि मार्शल लॉ उस देश में लगाया जाता है जहां बाहरी हमला होता है। उन्होंने कहा कि वह रूस में ऐसी कोई स्थिति नहीं देखते हैं और उम्मीद करते हैं कि ऐसी स्थिति उपजे नहीं।

यूक्रेन को ‘उड़ान निषिद्ध क्षेत्र' घोषित करने के विरुद्ध पुतिन ने दी चेतावनी
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शनिवार को कहा कि किसी तीसरे पक्ष द्वारा यूक्रेन के ऊपर ‘उड़ान निषिद्ध क्षेत्र' घोषित करने को मास्को “युद्ध में शामिल” होना करार देगा। महिला पायलटों के साथ एक बैठक में शनिवार को पुतिन ने कहा कि इस दिशा में उठाए गए किसी भी कदम को रूस एक हस्तक्षेप मानेगा और रूस की सेना के प्रति खतरे के तौर पर देखेगा। उन्होंने कहा, “उसी क्षण हम उन्हें सैन्य संघर्ष में शामिल मानेंगे और इससे फर्क नहीं पड़ेगा कि वे किसके सदस्य हैं।”

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने नाटो से आग्रह किया है कि उनके देश के ऊपर के वायु क्षेत्र को ‘उड़ान निषिद्ध क्षेत्र' घोषित किया जाए। नाटो का कहना है कि ऐसा ‘उड़ान निषिद्ध क्षेत्र' घोषित करने से यूक्रेन के ऊपर सभी गैर अधिकृत विमानों पर पाबंदी लग जाएगी जिससे परमाणु अस्त्रों से लैस रूस के साथ यूरोपीय देशों की बड़े स्तर पर जंग छिड़ जाएगी।

rajesh kumar

Advertising