यूक्रेन में होटल में आग लगने से नौ लोगों की मौत

Saturday, Aug 17, 2019 - 08:09 PM (IST)

कीव: यूक्रेन के बंदरगाह शहर ओडेसा में शनिवार तड़के एक होटल में आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद अधिकारियों ने देश के सभी हॉलीडे रिजॉर्ट और होटलों में अग्नि सुरक्षा नियमनों का निरीक्षण शुरू कर दिया है। दक्षिणी शहर के तोक्यो स्टार होटल में तड़के 1 बजकर 34 मिनट (जीएमटी 2234) पर आग लग गई। आपात सेवाओं ने शुरुआत में आठ लोगों की मौत और 10 अन्य के घायल होने की जानकारी दी थी लेकिन बाद में मृतकों की संख्या नौ बताई। करीब 65 दमकल कर्मियों ने 13 आपात वाहनों की मदद से तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अपने फेसबुक पेज पर कहा कि घायलों में से चार की स्थिति नाजुक बनी हुई है। ओडेसा शहर के प्राधिकारियों ने कहा कि 150 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने अग्नि सुरक्षा आवश्यकताओं के संभावित उल्लंघन को लेकर मामला दर्ज करते हुए आपराधिक जांच शुरू की और आग के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

shukdev

Advertising