मां ने जिंदा दफनाया नवजात, कुत्ते ने ऐसे बचाई जान (pics)

Sunday, May 19, 2019 - 11:19 AM (IST)

बेंकाकः थाईलैंड में सोशल मीडिया पर एक कुत्ते को हीरो बताया जा रहा है। इस कुत्ते ने खेत में दफनाए गए एक नवजात बच्चे का न सिर्फ पता लगाया बल्कि उसे जिंदा भी बचा लिया। दरअसल यहां एक किशोर लड़की ने बच्चे को जन्म देने के बाद जिंदा ही दफना दिया था। जानकारी के मुताबिक नवजात को नाखोन रतचसीमा प्रांत के चुमपुआंग जिले के पास स्थित एक खेत में मिट्टी की परत के नीचे दफनाया गया था।

लेकिन उसी दिन पिंग पॉन्ग नाम के कुत्ते ने उसका पता लगा लिया। घटना 15 मई की है। कुत्ते ने नवजात के आसपास से मिट्टी हटाई और भौंकना शुरू कर दिया। उसने अपने मालिक जो कि पशुपालक है उसे संकेत दिया। मामले से जुड़े एक अधिकारी पनुवत उदकम का कहना है, "मुझे नहीं लगता उसकी मां को उसे दफनाए अधिक वक्त हुआ होगा, क्योंकि कुत्ते ने उसका जल्द पता लगा लिया।" उन्होंने बताया कि नवजात बच्चा स्वस्थ्य है, उसे अस्पताल ले जाया गया है।

वहीं किशोर मां के खिलाफ हत्या की कोशिश और बच्चे को ऐसे अकेले छोड़ने का मुकदमा दर्ज किया गया है। अधिकारी का कहना है कि आरोपी मां की उम्र महज 15 साल है। वह कैसे भी करके बच्चे का निपटारा करना चाहती थी। क्योंकि वह डरी हुई थी कि उससे माता-पिता गुस्सा होंगे। उसने खुद ही अपनी डिलीवरी की और बच्चे को दफना दिया। सोशल मीडिया पर कुत्ते पिंग पॉन्ग की काफी तारीफ की जा रही है।

Tanuja

Advertising