डेढ़ लाख गायों को मार देगा  न्यूजीलैंड, खतरनाक है वजह

Tuesday, May 29, 2018 - 11:10 AM (IST)

वेलिंगटनः न्यूजीलैंड ने मवेशियों में फैल रही बैक्टीरिया जनित बीमारी मायकोप्लाज्मा बोविस के खात्मे के लिए करीब डेढ़ लाख गायों को मारने का आदेश दिया है। न्यूजीलैंड सरकार ने इसके लिए 61.6 करोड़ डॉलर (करीब 4150 करोड़ रुपए) का बजट निर्धारित किया है। न्यूजीलैंड की अर्थव्यस्था में डेयरी फार्मिग की अहम भूमिका है। पिछले साल जुलाई में देश में पहली बार मायकोप्लाज्मा बोविस का मामला सामने आया था।

इस रोग से पीडि़त गाय के स्तन सूज जाते हैं। उन्हें निमोनिया, गठिया और अन्य बीमारियां घेर लेती हैं। खाद्य पदार्थो को इससे कोई खतरा नहीं है, लेकिन उत्पादन पर इसका असर पड़ता है। न्यूजीलैंड में करीब एक करोड़ गाए हैं, जो यहां की जनसंख्या की दोगुनी हैं। अभी तक 38 पशुपालन केंद्रों की गायों में यह रोग लग चुका है। अन्य केंद्रों में इसे फैलने से रोकने के लिए हाल के कुछ महीनों में करीब 24 हजार गायों को मारा जा चुका है।

अगले कुछ महीनों में करीब एक लाख 28 हजार गायों को और मार दिया जाएगा। न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न ने  कहा है कि गाएं हमारी अर्थव्यवस्था की आधार हैं और कृषि क्षेत्र के संरक्षण के लिए यह कदम मजबूरी में उठाया गया है। उन्होंने कहा कि यह कठिन निर्णय है और कोई भी देश इतनी बड़ी संख्या में अपने मवेशियों को नहीं मारना चाहता लेकिन इसका कोई विकल्प नहीं है ।

 

Tanuja

Advertising