नीदरलैंड्स चुनावः एग्ज़िट पोल में PM मार्क की पार्टी को बढ़त

Thursday, Mar 16, 2017 - 01:23 PM (IST)

एम्स्टर्डमः नीदरलैंड्स के चुनाव में प्रधानमंत्री मार्क रट की उदारवादी दक्षिणपंथी पार्टी VVD को बढ़त की उम्मीद जताई गई है। चुनाव के बाद हुए सर्वे में कहा गया है कि दक्षिणपंथी जनवादी पार्टी PVV इससे बहुत पीछे है। एग्ज़िट पोल बुधवार को जारी हुए। इसके मुताबिक VVD प्रतिनिधि सभा की 150 सीटों में से 31 पर जीत हासिल कर सकती है। PVV, मध्यमार्गी दक्षिणपंथी क्रिस्चन डेमोक्रैट्स (CDA) तथा वामपंथी उदारवादी डी66 को 19-19 सीटें मिलने की उम्मीद है।

ग्रीन वामपंथी ग्रोएनलिंक्स को 16 सीटें, वामपंथी सोशलिस्ट पार्टी (SP) को 14 सीटें और PVDA को 9 सीटें मिलने का अनुमान है। VVD को 31 सीटें मिलने का अर्थ यह है कि इसे 2012 के चुनाव के मुकाबले 10 सीटों का नुकसान होगा, जबकि PVV को पिछले चुनाव के मुकाबले 4 सीटों का फायदा होगा। यह सर्वे PVV के नेता ग्रीर्ट विल्डर्स के लिए निराशाजनक हो सकता है। चुनावपूर्व सर्वेक्षणों में उनकी पार्टी को आगे बताया जा रहा था।

एग्जिट पोल के अनुसार, PVDA अथवा लेबर, जो VVD के साथ निवर्तमान गठबंधन सरकार में भागीदार है, को इस चुनाव में सबसे अधिक नुकसान हो सकता है। पार्टी को 29 सीटों का नुकसान बताया जा रहा है। साल 2012 के मुकाबले CDA को 6 सीटों का फायदा होने के आसार हैं, जबकि डी66 को 7 सीटों का लाभ हो सकता है। SP को एक सीट का नुकसान हो सकता है, जबकि ग्रोएनलिंक्स को इस चुनाव में सबसे अधिक लाभ मिल सकता है।
 

Advertising