नासा ने खोज निकाला मंगल ग्रह पर लापता अपॉरच्युनिटी रोवर

Thursday, Sep 27, 2018 - 04:09 PM (IST)

वॉशिंगटनः करीब तीन महीने पहले लाल ग्रह पर आई धूल भरी आंधी के कारण अपॉरच्युनिटी रोवर का अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा से संपर्क टूट गया था। इसके बाद से ही सौर ऊर्जा से चलने वाले इस रोवर का कामकाज ठप है। नासा ने अब अपने इस रोवर का पता लगा लिया है। नासा ने अपने मंगल अभियान के तहत इसे 2003 में लॉन्च किया था।

इस रोवर के शुरुआती अभियान की अवधि 92 दिन तय की गई थी, लेकिन यह पिछले 14 साल से मंगल पर सक्रिय था। नासा के ही मार्स रिकॉनिसेंस ऑर्बिटर (एमआरओ) के कैमरे ने 20 सितंबर को एक तस्वीर ली थी, जिसमें ग्रह की एक घाटी की ढलान पर एक वस्तु दिख रही है।

वैज्ञानिकों के अनुसार, वह अपॉरच्युनिटी है। यह रोवर आंधी आने से पहले इस घाटी में उतर रहा था। पूरे लाल ग्रह को अपनी चपेट में लेने वाली आंधी के बाद नासा के जेट प्रोपल्शन लैब (जेपीएल) में मौजूद रोवर की टीम को अपॉरच्युनिटी की ओर से कोई सिग्नल नहीं मिला है। खगोलविदों का कहना है कि रोवर तक सूर्य की बहुत कम रोशनी पहुंचने के कारण वह शीतनिद्रा में पहुंच गया है।
 

Tanuja

Advertising