म्यांमार सैनिकों ने रोहिंग्या महिलाओं-लड़कियों से किए गैंगरेप

Friday, Nov 17, 2017 - 11:26 AM (IST)

जेनेवा: मानवाधिकार संगठन (एच.आर.डब्ल्यू.) ने कहा कि म्यांमार सुरक्षा बलों ने सैन्य अभियान के दौरान असंख्य रोहिंग्या महिलाओं और लड़कियों से सामूहिक दुष्कर्म किए। इस अभियान के दौरान सैंकड़ों रोहिंग्या मुसलमानों को सीमा पार करके बंगलादेश भागना पड़ा। अमरीका स्थित मानवाधिकार संगठन ने एक रिपोर्ट में कहा कि म्यांमार सैनिकों ने यौन हिंसा के साथ अन्य अत्याचार किए जो मानवता के खिलाफ अपराध हैं। दुष्कर्म पीड़िताओं, सहायता संगठनों और बंगलादेशी स्वास्थ्य अधिकारियों के साक्षात्कार पर आधारित इस रिपोर्ट में बड़ी संख्या में रोहिंग्या महिलाओं के साथ दुष्कर्म तथा सैनिकों द्वारा यौन शोषण करने संबंधी जानकारी है।

29 दुष्कर्म पीड़िताओं के साक्षात्कार के आधार पर कहा गया है कि एक को छोड़कर सभी से 2 या उससे ज्यादा लोगों ने दुष्कर्म किया। 8 मामलों में महिलाओं और लड़कियों ने 5 या उससे अधिक सैनिकों द्वारा दुष्कर्म किए जाने की बात कही। एच.आर.डब्ल्यू. ने गैंगरेप के 6 मामले बताए हैं जिसमें सैनिकों ने महिलाओं को समूहों में इकट्ठा कर उनसे मारपीट की व दुष्कर्म किया। रिपोर्ट में 33 वर्षीय मुमताज यूनुस के हवाले से कहा गया है कि सैनिकों ने एक पहाड़ी पर उसे और करीब 20 अन्य महिलाओं को पकड़ा तथा उनसे दुष्कर्म किया।

Advertising