मस्क के ''स्टारशिप 15'' ने रचा इतिहास: पहली बार अंतरिक्ष से लौटकर सीधे लॉन्च पैड पर उतरा यान

punjabkesari.in Sunday, Nov 15, 2026 - 09:47 AM (IST)

वाशिंगटन/सैन फ्रांसिस्को: एलन मस्क की स्पेस कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) के सबसे ताकतवर रॉकेट 'स्टारशिप 15' (Starship 15) ने अंतरिक्ष विज्ञान के इतिहास में एक नया अध्याय लिख दिया है। 14 नवंबर को स्टारबेस से लॉन्च होने के बाद इस रॉकेट ने वह कारनामा कर दिखाया जो आज तक दुनिया का कोई रॉकेट नहीं कर पाया था। करीब 22 घंटे तक पृथ्वी की कक्षा (ऑर्बिट) में रहने और 14 चक्कर लगाने के बाद 15 नवंबर को यह यान वापस लौटकर उसी लॉन्चिंग बेस के रोबोटिक टावर पर उतरा, जहां से इसने उड़ान भरी थी।

चॉपस्टिक आर्म्स ने हवा में ही कैच किया स्टारशिप 
स्टारशिप 15 ने 14 नवंबर को उड़ान भरने के साथ ही कक्षा में 26 स्टारलिंक V3 सैटेलाइट्स को सफलतापूर्वक डिप्लॉय किया। इसके बाद 15 नवंबर को वापसी के दौरान यान ने ऑर्बिटल स्पीड से री-एंट्री झेली, पलटा और हवा में रुककर उसी टावर पर उतरा जहां से रवाना हुआ था। वहां मौजूद 2 बड़े रोबोटिक हाथों, जिन्हें 'चॉपस्टिक आर्म्स' (Chopstick Arms) कहा जाता है, ने इस विशाल रॉकेट को हवा में ही थाम लिया। लॉन्चिंग बेस से अंतरिक्ष में जाना और वापस उसी लॉन्च पैड पर उतरना एक पूरा राउंड ट्रिप है, और शिप की यह वापसी इस मिशन का सबसे मुश्किल हिस्सा थी।

'डबल कैच' का प्लान रहा अधूरा, गल्फ ऑफ मेक्सिको में फटा बूस्टर 
हालांकि, इस मिशन के दौरान स्पेसएक्स का 'डबल कैच' (Double Catch) यानी यान और बूस्टर दोनों को एक साथ टावर पर पकड़ने का प्लान पूरी तरह सफल नहीं हो सका। V3 बूस्टर को पहली बार पकड़ने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन वापस आते समय उसके इंजन बहुत जल्दी बंद हो गए।

स्पेसएक्स की केट टाइस के अनुसार, गाइडेंस सिस्टम को सही स्थिति में न होने का अहसास हुआ, जिसके बाद सिस्टम ने खुद ही पानी की तरफ डायवर्जन और सेल्फ-डिस्ट्रक्शन शुरू कर दिया। कंट्रोलर्स ने इसे टावर से हटाकर गल्फ ऑफ मेक्सिको (Gulf of Mexico) की तरफ मोड़ दिया, जहां वह फट गया। भले ही बूस्टर नष्ट हो गया, लेकिन मुख्य स्टारशिप यान की सुरक्षित वापसी से यह मिशन बेहद सफल माना जा रहा है।

अंतरिक्ष यात्रा से लेकर डेटा सेंटर तक, अब क्या-क्या बदलेगा? 
फुल राउंड ट्रिप की इस ऐतिहासिक सफलता से भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों की तस्वीर बदलने वाली है:

  1. हवाई जहाज जैसी होगी स्पेसफ्लाइट: फैल्कन 9 केवल बूस्टर बचाता था, जबकि स्टारशिप पूरा रॉकेट बचा लेता है। अब कोई हिस्सा फेंकने या समंदर से उठाने की जरूरत नहीं होगी- उतारो, फ्यूल भरो और फिर उड़ाओ। स्पेसएक्स का लक्ष्य 2027 की पहली छमाही तक हर हफ्ते एक लॉन्च करने का है।
  2. अंतरिक्ष में डेटा सेंटर: एलन मस्क का प्लान अंतरिक्ष की कक्षा में 10 लाख सैटेलाइट्स का ऐसा नेटवर्क तैयार करने का है जो AI के लिए डेटा सेंटर का काम करेगा। वहां 24 घंटे सोलर पावर, मुफ्त कूलिंग और जमीन-पानी-बिजली के परमिट की जरूरत नहीं होगी। स्टारशिप एक बार में 100+ टन सामान ले जा सकता है और वापस ला सकता है।
  3. चांद और मंगल की राह आसान: वर्ष 2027 में बिना क्रू के चंद्रमा पर लैंडिंग की योजना है। नासा (NASA) के 'आर्टेमिस प्रोग्राम' के लिए स्टारशिप ही लूनर लैंडर के रूप में काम करेगा। मंगल अभियानों के लिए ऑर्बिट में ही फ्यूल भरा जाएगा, जिसके लिए दर्जनों लॉन्च चाहिए। इसके साथ ही लुइसियाना में 100 बिलियन डॉलर की लागत से नया लॉन्च साइट भी बनाया जा रहा है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep