ब्रिटेन में कुत्ते के काटते ही 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत; जर्मन शेफर्ड सहित मालिक गिरफ्तार, हत्या की जांच शुरू

punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2026 - 02:49 PM (IST)

London: ब्रिटेन के वेस्ट यॉर्कशायर में एक व्यक्ति की कुत्ते के काटने के  बाद मौत हो गई। घटना  जब वेकफील्ड में एक पुराने रेलवे ट्रैक के पास उस समय हुई जब फुटपाथ पर कथित तौर पर झगड़ा हो रहा था। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन कुछ घंटे बाद उसने दम तोड़ दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कुत्ते के मालिक को हत्या के संदेह में गिरफ्तार किया है और मर्डर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे वेकफील्ड में पुराने रेलवे लाइन वाले फुटपाथ पर झगड़े की सूचना मिली थी। पुलिस के पहुंचने से कुछ समय पहले हुई इस कथित झड़प के दौरान 55 वर्षीय व्यक्ति को एक कुत्ते ने काट लिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी। शाम करीब 7 बजे के बाद उसकी मौत हो गई।

 

व्यक्ति की मौत के बाद वेस्ट यॉर्कशायर पुलिस ने 55 वर्षीय एक व्यक्ति को हत्या के संदेह में गिरफ्तार किया है। उस पर सार्वजनिक स्थान पर ऐसे कुत्ते को नियंत्रण में न रखने का भी संदेह है, जिसे खतरनाक तरीके से नियंत्रण से बाहर माना गया और जिससे चोट लगी। घटना में शामिल माना जा रहा जर्मन शेफर्ड कुत्ता पुलिस ने जब्त कर लिया है।  जांच में पुलिस को दो महिलाओं के बारे में जानकारी मिली है, जिन्होंने घायल व्यक्ति की मदद करने की कोशिश की थी। डिटेक्टिव चीफ इंस्पेक्टर माइकल कॉक्स ने बताया कि इनमें से एक महिला का नाम सोफी बताया गया है। दोनों महिलाओं ने घायल व्यक्ति की मदद करने के साथ पुलिस अधिकारियों को घटनास्थल तक पहुंचने में भी सहायता की।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja