मरने के 10 दिन बाद मां ने दिया बच्चे को जन्म

Sunday, Jan 21, 2018 - 11:07 AM (IST)

केपटाऊन: दक्षिण अफ्रीका में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक मां ने इस दुनिया से रुखसत होने के 10 दिन बाद एक बच्चे को जन्म दिया, मगर बच्चा मरा हुआ पैदा हुआ। दक्षिण अफ्रीका के दक्षिणपूर्वी राज्य केप प्रोविंस के एक गांव में रहने वाली 33 साल की नोमवेलिसो दोई नाम की महिला ने सांस लेने में दिक्कत की शिकायत की थी। इसके कुछ देर बाद ही 5 बच्चों की मां नोमवेलिसो की मौत हो गई। इसके बाद महिला के अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू हुई।

उसके मृत शरीर को दफन करने से पहले अंतिम संस्कार करने वाली संस्था को सौंपा गया। महिला के मरने के 10 दिन बाद, जब अंतिम संस्कार के लिए लाश को बाहर निकाला गया, तो अंतिम संस्कार करने वाली संस्था के कर्मचारी चौंक गए, क्योंकि महिला के पैरों के बीच एक मरा हुआ नवजात पड़ा था। इस घटना से महिला की 76 साल की मां काफी दुखी है। इसके बाद परिवार ने मां के साथ ही नवजात को दफना दिया। हालांकि यह अभी तक साफ नहीं हुआ है कि अगर वक्त रहते महिला का इलाज हो जाता तो उसके साथ नवजात की भी जान बच जाती।

Advertising