मर्सिडीज कारों व हेलिकॉप्टर सहित निकला चोर का जनाजा, भव्यता देख आंखें रह जाएंगी फटी (PICS)

Friday, May 04, 2018 - 05:33 PM (IST)

लंदनः किसी बड़े रुतबे वाले इंसान का भव्य जनाजा निकलने के बारे में तो आपने पढ़ा और सुना होगा लेकिन लंदन में एक चोर का जनाजा ऐसे धूमधाम से निकला की पूरी दुनिया की आंखें फटी रह गई।

इस चोर के जनाजे के आगे तो बड़ी-बड़ी हस्तियों के जनाजे भी छोटे लगने लगे। हेनरी विनसेंट नाम के इस चोर की मौत एक बुजुर्ग के घर में चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए हुई। उसके परिवार और उसके दोस्तों ने मिलकर उसे ऐसी अंतिम विदाई दी, जैसे किसी हॉलीवुड या बॉलीवुड सुपरस्टार को दी जाती है। 

हेनरी की शव यात्रा इतनी भव्य थी कि पुलिस को भी जनाजे को सुरक्षा देनी पड़ी। सुरक्षा के लिए 50 पैदल पुलिसकर्मियों के साथ-साथ दो हेलिकॉप्टर को भी लगाया गया। 3 मई को निकाले गए इस जनाजे में हेनरी का पूरा परिवार शामिल हुआ। इस जनाजे में 8 लंबी मर्सिडीज लिमोज गाड़ियों को रखा गया था। 


हेनरी विनसेंट के जनाजे पर लगभग £100,000 यानी लगभग 1 करोड़ रुपए खर्च किए गए। साथ ही गाड़ियों को फूलों से सजाकर उस पर डैडी, हेनरी, हीरो जैसे कई शब्द लिखे गए थे।।

 हेनरी विनसेंट साउथ ईस्‍ट लंदन का जानमाना  मोस्‍ट वॉन्‍टेड चोर था। 4 अप्रैल को 78 साल के ऑसबॉर्न ब्रूक्‍स नाम के एक पेंशनर्स को लूटते समय उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने पेंशनर के खिलाफ कोई केस नहीं चलाने का निर्णय किया है।

बता दें कि हेनरी ने 10 साल से ज्यादा वक्त जेल में बिताया है। हेनरी उस गैंग का भी सदस्य था, जो लोगों को अगवा कर बैंक ले जाते थे और उनके पैसे हड़प लेते थे। साल 2009 में हेनरी ने एक शख्‍स के घर की एक टाइल्‍स बदलने के लिए लाखों रुपए चार्ज किए थे। इसके लिए उसे 6 साल की जेल हुई थी। हेनरी ड्रग एडिक्‍ट भी था। 

हेनरी के परिवार को भी 29 साल से ज्यादा की जेल की सजा हो चुकी है। इस गैंग में हेनरी के पिता के साथ उसके 5 चाचा भी शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, हेनरी के पिता की £1.7 मिलियन यानी 15 करोड़ की प्रॉपर्टी है।

जनाजा निकाले जाने के दौरान हेनरी के परिवार और दोस्‍तों ने पत्रकारों पर पत्‍थर बरसाए, गालियां दी। पुलिस के दखल देने के बाद मामला शांत हुआ। हेनरी को ऑर्प‍िंगटन कैंट में दफनाया गया है।

Tanuja

Advertising