युगांडा की यात्रा के बाद दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना हुए मोदी

Wednesday, Jul 25, 2018 - 06:09 PM (IST)

कम्पाला : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युगांडा की अपनी दो दिवसीय यात्रा आज पूरी की जिस दौरान उन्होंने युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी के साथ व्यापक मुद्दों पर बातचीत की और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की। मोदी मंगलवार शाम युगांडा की राजधानी कम्पाला पहुंचे थे। यह 1997 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली द्विपक्षीय यात्रा थी।

भारत आतंकवाद और अतिवाद से मुकाबले के लिए अफ्रीका के साथ क्षमताओं को करेगा मजबूत
प्रधानमंत्री मोदी ने देश की संसद को भी संबोधित किया और घोषणा की कि भारत आतंकवाद और अतिवाद से मुकाबले के लिए अफ्रीका के साथ अपना सहयोग एवं परस्पर क्षमताओं को मजबूत करेगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने एक ट्वीट में कहा ,‘दोनों देशों के बीच गर्मजोशी एवं जुड़ाव को प्रतिङ्क्षबबित करने वाले एक विशेष भाव के तहत युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी प्रधानमंत्री मोदी को विदा करने के लिए हवाई अड्डे आए। मोदी ने अपनी ऐतिहासिक यात्रा आज पूरी की और वह तीन देशों की अपनी यात्रा के आखिरी स्थल दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना हुए।

पीएम मोदी ने युगांडा को करीब 20 करोड़ डालर की दो ऋण सुविधा देने की घोषणा की
मोदी ने एक ट्वीट में कहा , ‘युगांडा की मेरी यात्रा बहुत उपयोगी रही है। मैं इस यात्रा के दौरान गर्मजोशी के लिए राष्ट्रपति कागुटा मुसेवेनी और युगांडा के लोगों के प्रति आभार जताता हूं। इस यात्रा से द्विपक्षीय संबंधों को प्रगाढ़ बनाने में मदद मिलेगी , विशेष तौर पर आर्थिक संबंधों को मजबूती मिलेगी।’ भारत ने युगांडा को ऊर्जा आधारभूत ढांचा , कृषि और डेयरी क्षेत्रों के लिए मंगलवार को करीब 20 करोड़ डालर की दो ऋण सुविधा देने की घोषणा की। मोदी ने यह भी घोषणा की कि भारत युगांडा के पवित्र स्थल जिंजा में एक गांधी धरोहर केंद्र का निर्माण करेगा जहां अब महात्मा गांधी की प्रतिमा है।

ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेगें पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी अब ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दक्षिण अफ्रीका रवाना होंगे। इस वर्ष ब्रिक्स सम्मेलन का विषय ‘ब्रिक्स इन अफ्रीका’ है। मोदी दक्षिण अफ्रीका के जोहानिसबर्ग में ब्रिक्स के 10 वें संस्करण में हिस्सा लेंगे। इस दौरान उम्मीद है कि समूह के नेता ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा करेंगे जिसमें अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा , वैश्विक शासन और व्यापार आदि मुद्दों होंगें। ब्रिक्स पांच प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं का समूह है जिसमें ब्राजील , रूस , भारत , चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं। शुरुआत में पहले चार को ‘ब्रिक’ नाम दिया गया था , बाद में 2010 में इसमें दक्षिण अफ्रीका को शामिल किया गया।

shukdev

Advertising