तानाशाह ही PAK को सही रास्ते पर लाए, नागरिक सरकारों ने तो हमेशा किया बर्बाद: परवेज मुशर्रफ

Friday, Aug 04, 2017 - 01:48 PM (IST)

दुबई: पाकिस्तान के पूर्व सैन्य तानाशाह परवेज मुशर्रफ ने कहा है कि सेना ही पाकिस्तान को हर बार पटरी पर लाती है, लेकिन लोकतांत्रिक सरकारें उसे पटरी से उतार देती हैं।


तानाशाह हमेशा पाक को सही रास्ते पर लाते हैं 
मीडिया खबर मुताबिक, मुशर्रफ ने एक इंटरव्यू में पाकिस्तान के पूर्व सैन्य तानाशाहों की तारीफ करते हुए कहा कि तानाशाह हमेशा पाकिस्तान को सही रास्ते पर लाते हैं जबकि नागरिक सरकारें उसे बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ती। उन्होंने दावा किया कि सैन्य शासन हमेशा पाकिस्तान में तरक्की लाया है। उन्होंने इंटरव्यू में कहा कि जो कोई भी पाकिस्तान के कल्याण के खिलाफ सक्रियता से काम करता है वह देश के खिलाफ है और उसे मार दिया जाना चाहिए। 
नागरिक सरकारों ने उसे हमेशा ही पटरी से उतारा
2001 से 2008 तक पाकिस्तान के राष्ट्रपति रहे मुशर्रफ ने 1999 में अपने हस्तक्षेप का बचाव करते हुए कहा कि वह देश को बचाना चाहते थे। उन्होंने कहा कि संविधान को नजरंदाज किया जा सकता है, यदि देश को बचाने की जरूरत है। उन्होंने पाकिस्तान में सेना द्वारा नागरिक सरकारों से सत्ता अपने हाथ में लेने का बचाव करते हुए कहा कि असली विकास केवल सैन्य शासनों के दौरान हुआ। उन्होंने नागरिक सरकारों पर सैन्य शासनों के दौरान हासिल उपलब्धियों को पलटने का आरोप लगाया। मुशर्रफ ने कहा कि सैन्य शासन हमेशा ही देश को पटरी पर लाया जबकि नागरिक सरकारों ने उसे हमेशा ही पटरी से उतारा।


बता दें कि उनका ये इंटरव्यू दुबई में रिकार्ड किया गया। 73 वर्षीय मुशर्रफ मार्च 2016 में पाकिस्तान छोड़ने के बाद वहीं रह रहे हैं। मुशर्रफ देशद्रोह के आरोपों का सामना कर रहे हैं। जिनमें संविधान का उल्लंघन करने और 2007 में आपातकाल घोषित करने के लिए देशद्रोह का आरोप शामिल है। मुशर्रफ पर दो बार प्रधानमंत्री रही बेनजीर भुट्टो की 2007 में हत्या में संलिप्तता का भी आरोप है।


परवेज मुशर्रफ 1999 में नवाज शरीफ की नागरिक सरकार का सेना के जरिए तख्तापलट करने वाले मुशर्रफ ने यह भी दावा किया कि सत्ता से बेदखल किए गए प्रधानमंत्री की उनके तीसरे कार्यकाल में भारत के प्रति नीति बिल्कुल बिकी हुई थी यद्यपि उन्होंने यह नहीं समझाया कि उनका इससे क्या आशय है। 
 

Advertising