द. अफ्रीका में महिलाओं के समर्थन में सड़कों पर उतरे पुरुष(Pics)

Sunday, May 21, 2017 - 11:12 AM (IST)

जोहान्सबर्ग: दक्षिण अफ्रीका में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ती हिंसा की घटनाओं के विरोध में राजधानी प्रिटोरिया में सैकड़ों लोग मार्च में शामिल हुए जिनमें अधिकतर पुरुष थे।   


शनिवार को निकाले गए मार्च में प्रदर्शनकारी एक महिला के पीछे चल रहे थे जिसने सिर से पांव तक सफेद रंग का परिधान पहना था। कुछ लोगों ने अपने हाथों में तख्तियां थामी हुई थीं जिनमें उन महिलाओं के नाम दर्ज थे जिनकी हत्या उनके साथी ने की थी। मार्च के आयोजकों में से एक खोलोफेलो माशा ने कहा, पुरुषों को मारपीट, यौन हमलों और बढ़ती हत्याओं की सामूहिक जिम्मेदारी लेनी होगी। उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के पुरुष इस मुद्दे पर लंबे वक्त से चुप बैठे हैं।  


पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक बीते साल इस तरह के 64 हजार मामले दर्ज किए गए थे। इस साल भी कई महिलाओं और बच्चों की निर्मम हत्याएं सुर्खियां बनीं और राष्ट्रपति जैकब जुमा ने स्थिति को चिंताजनक बताया। इससे पहले राष्ट्रपति जैकब जुमा ने तीन साल की उस बच्ची के माता-पिता से मुलाकात की जिसकी बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी। 

Advertising