अमेरिका में वीडियो गेम टूर्नामेंट में फायरिंग, 4 की मौत 10 जख्मी

Monday, Aug 27, 2018 - 08:35 AM (IST)

फ्लोरिडा : अमेरिका में फ्लोरिडा के जैक्सनविल्ले स्थित एक रेस्टोरेंट में ऑनलाइन वीडियो गेम टूर्नामेंट के दौरान एक बंदूकधारी के हमले में चार लोगों की मौत हो गई तथा कई अन्य घायल हो गए। फ्लोरिडा पुलिस और स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी। जेक्सनविल्ले के पुलिस अधिकारी शेरिफ माइक विलियम्स ने बताया कि एक संदिग्ध पुरुष घटना स्थल पर मृत पाया गया। उन्होंने व्यापक पैमाने पर हुई गोलीबारी का कारण बताने से इंकार कर दिया। फ्लोरिडा में गत दो वर्षों में गोलीबारी की यह तीसरी बड़ी घाटना है। फ्लोरिडा के पूर्वोत्तर में स्थित पुराने शहर जेक्सनविल्ले में मनोरंजन केंद्र तथा बाजार में रविवार दोपहर कई गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी जिसके बाद जिसके बाद दर्जनों एम्बुलेंस और पुलिस की गाड़ियां घटनास्थल पर एकत्र हो गईं।

बेवसाइट के अनुसार शिकागो पिज्जा रेस्टोरेंट के भीतर जीएलएचएफ गेम बार में‘मैडेन 19’ऑनलाइन गेम के दौरान गोलीबारी हुई। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए इस घटना के वीडियो फुटेज के अनुसार गोलीबारी उस समय हुई जब फुटबॉल वीडियो गेम ऑनलाइन जारी था। वीडियो फुटेज में गोली चलने पर खिलाड़ियों को चीखते चिल्लाते देखा गया। टूर्नामेंट में भाग लेने वाले ड्रिनी गजोक ने ट्वीट कर कहा,‘’वह टूर्नामेंट में भाग ले रहा था और इस बीच उसके अंगूठे में गोली लगी। यह मेरे जीवन का सबसे बुरा दिन था, एक सेकेंड में जान जा सकती थी।‘’ द लॉस एजेल्स टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार हमलावर ने टूर्नामेंट में भाग लिया था और टूर्नामेंट में हार गया था। खिलाड़ियों के संदेशों का हवाला देते हुए कहा गया कि हमलावर ने खुद को गोली मारने से पहले कई लोगों को निशाना बनाया था। रॉयटर तुरंत इन घटनाओं की पुष्टि नहीं कर सका।

शेरिफ कार्यालय ने बताया कि कई लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार छह पीड़ितों को जैक्सनविले के यूएफ हेल्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया जिसमें पांच की हालत स्थिर है और एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। जैक्सनविले मेमोरियल अस्पताल के एक प्रवक्ता ने बताया कि इस अस्पताल में तीन पीड़ितों का इलाज चल रहा है और सभी की हालत स्थिर है।

फ्लोरिडा के गवर्नर रिक स्कॉट ने कहा कि उन्होंने स्थानीय अधिकारियों से कहा है कि जरूरत पडऩे पर हर संभव सरकारी संसाधन उपलब्ध कराया जाएगा। फ्लोरिडा के सीनेटर मार्को रूबियो ने कहा कि एफबीआई और शराब, तंबाकू, आग्नेयास्त्र एवं विस्फोटक ब्यूरो स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय से मदद कर रहे हैं। व्हाईट हाउस ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को घटना की जानकारी दे दी गई है और जैक्सनविले में स्थिति की निगरानी की जा रही है।

shukdev

Advertising