मंगल ग्रह पर दस लाख लोगों को बसाया जाएगा

Saturday, Jan 18, 2020 - 07:23 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः मंगल ग्रह मिशन का एलान हो गया है। स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने कहा है कि वर्ष 2050 तक इस लाल ग्रह पर दस लाख लोगों को भेजने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने इस बात से भी पर्दा उठाया कि वह मंगल ग्रह पर बस्ती बसाने और इंसानों को दूसरे ग्रहों पर रहने लायक बनाने के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को किस तरह हासिल करने जा रहे हैं। अमेरिकी निजी अंतरिक्ष कंपनी के सीईओ मस्क ने एक के बाद एक ट्वीट के जरिये अपनी योजना की जानकारी दी। उन्होंने अपने अंतरिक्षयान स्टारशिप प्रोग्राम के बारे में जानकारी देते हुए बताया रॉकेट के जरिये हर साल मेगाटन कार्गो मंगल ग्रह पर पहुंचाया जाएगा। इससे इस ग्रह को 2050 तक इंसानों के रहने योग्य बनाया जाएगा।

 

मस्क ने एक ट्वीट में कहा, स्टारशिप की डिजाइन इस तरह तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे रोजाना इसकी तीन उड़ानें हो सके। इस तरह एक साल में इसकी एक हजार से ज्यादा उड़ानें होंगी। हर उड़ान में सौ टन सामान भेजा जाएगा। 48 वर्षीय मस्क ने बताया, स्पेसएक्स का लक्ष्य 2050 तक दस लाख लोगों को मंगल पर भेजने का है। मस्क ने लाल ग्रह पर रहने योग्य माहौल बनाने की लागत का अनुमान लगाया है। उनका आकलन है कि मंगल मिशन पर 700 लाख करोड़ रुपये तक का खर्च आ सकता है।

 

Ashish panwar

Advertising