बेरियर रीफ में शार्क ने 6 महीने में चौथी बार किया मनुष्य पर हमला

Tuesday, Mar 26, 2019 - 03:51 PM (IST)

सिडनीः ऑस्ट्रेलिया के लोकप्रिय पर्यटन स्थल ग्रेट बेरियर रीफ में एक शार्क ने एक व्यक्ति पर हमला कर उसके पैर पर काट लिया। बीते छह महीने में शार्क के हमले का यह चौथा मामला है। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि 20-25 साल के व्यक्ति की जांघ पर शार्क ने काट लिया। इसके बाद क्वींसलैंड तट पर पेरा मेडिकल स्टाफ को बुलाया गया।

क्वींसलैंड ऐंबुलेंस एवं बचाव अधिकारियों ने बताया कि उसकी चोट जान-लेवा नहीं है और उसे हेलीकॉप्टर के जरिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वाइटसंडे द्वीप क्षेत्र में पिछले छह महीने में शार्क के हमले का यह चौथा मामला है। इस तरह के एक हमले में पिछले नवंबर में 33 वर्षीय शख्स की मौत हो गई थी। सिंतबर में इसी इलाके में एक महिला और उसकी 12 साल की बच्ची को शार्क ने काट लिया था।

Tanuja

Advertising