बच्चे के लिए दवा लेने गई महिला को जिंदा निगल गया अजगर, पेट से सही सलामत निकला शव

punjabkesari.in Thursday, Jul 25, 2024 - 04:51 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः इंडोनेशिया में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 30 फुट लंबे अजगर ने पांच बच्चों की मां को जिंदा निगल लिया। यह घटना दक्षिण सुलावेसी के लुवु रीजेंसी में हुई। 38 वर्षीय महिला सिरियाती अपने बीमार बच्चे के लिए दवा खरीदने के लिए घर से निकली थी और उसके बाद से लापता हो गई। जब वह घर नहीं लौटी, तो उसके परिवारवालों ने उसे ढूंढना शुरू किया।

 

महिला का पति आदियान्स्या उसे ढूंढते हुए जंगल पहुंचा, जहां उसने देखा कि एक विशाल अजगर उसकी पत्नी को निगलने की कोशिश कर रहा था। आदियान्स्या ने तुरंत अजगर को मार डाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उसकी पत्नी की मृत्यु हो गई थी। आदियान्स्या ने बताया कि उसने अजगर के मुंह में पत्नी के पैर को देखा, जिससे वह सहम गया। अजगर ने महिला पर तब हमला किया था जब वह पेड़ों के बीच से अकेली जा रही थी।

 

वालेंरंग पुलिस कमिश्नर इदुल ने बताया कि अजगर के पेट से महिला का शव सही सलामत बरामद कर लिया गया है, लेकिन शरीर की हड्डियां कुचली हुई थीं। यह घटना मंगलवार को हुई, जब सिरियाती अपने बीमार बच्चे के लिए दवा खरीदने गई थी और रास्ते में लापता हो गई थी। उसका भाई भी उससे मिलने के लिए आने वाला था, लेकिन जब महिला वहां नहीं पहुंची, तो उसने पीड़िता के पति को फोन किया और फिर सभी ने मिलकर महिला को ढूंढना शुरू किया।

 

दक्षिण सुलावेसी में एक महीने से भी कम समय में यह दूसरी ऐसी घटना है। जून की शुरुआत में एक 45 वर्षीय महिला को भी अजगर ने जिंदा निगल लिया था। वह भी कई दिनों से गायब थी। इंडोनेशिया में कई प्रकार के अजगर पाए जाते हैं, जिनमें बर्मीज अजगर और रेटिकुलेटेड अजगर शामिल हैं। रेटिकुलेटेड अजगर को ग्रीन एनाकोंडा की दूसरी प्रजाति मिलने से पहले दुनिया का सबसे लंबा सांप माना जाता था। यह घटना न केवल दिल दहलाने वाली है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि जंगलों में रहने वाले अजगर कितने खतरनाक हो सकते हैं। इस घटना ने स्थानीय लोगों में भय और चिंता पैदा कर दी है और वन्यजीवों से बचाव के उपायों की जरूरत को और भी महत्वपूर्ण बना दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News