कांगो में बड़ा विमान हादसा : 14 लोगों की मौ'त; दो वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की भी गई जान (Video)
punjabkesari.in Saturday, Sep 26, 2026 - 06:24 AM (IST)
किंशासा: मध्य अफ्रीकी देश कांगो (Congo) में एक बड़ा विमान हादसा हो गया है, जिसमें दो वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों सहित कुल 14 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह विमान दक्षिण-पश्चिम शहर किक्विट (Kikwit) से कांगो की राजधानी किंशासा (Kinshasa) लौट रहा था।
हादसे में मारे गए कांगो के दो बड़े सैन्य अधिकारी
कांगो सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल एफोमी एकेंगे (Major General Efomi Ekenge) ने इस दुर्घटना और मौतों की पुष्टि की है। हादसे में मारे गए दो वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों में देश की सैन्य अदालत के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मुटोम्बो कातालायी तिएंदे (Lieutenant General Mutombo Katalayi Tiende) और सशस्त्र बलों के ऑडिटर जनरल लेफ्टिनेंट जनरल बाकुमी लिकुलिया (Lieutenant General Bakumi Likulia) शामिल हैं।
तकनीकी खराबी के बाद केंगे में दुर्घटनाग्रस्त हुआ विमान
स्थानीय अधिकारियों और सेना के बयान के अनुसार, जब यह विमान किंशासा लौट रहा था, तभी इसमें कथित तौर पर तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद यह केंगे (Kenge) में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार प्रतिनिधिमंडल के 12 सदस्यों व क्रू मेंबर्स तथा दोनों सैन्य जनरलों की मौके पर ही मौत हो गई।
जांच के आदेश, हादसे का कारण अभी स्पष्ट नहीं
हादसे का मुख्य कारण क्या था और तकनीकी खराबी कैसे आई, इस बात का अभी पता नहीं चल पाया है। नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (Civil Aviation Authority) के बोर्ड अध्यक्ष ट्रिफॉन किन-की मुलुम्बा (Tryphon Kin-Kiey Mulumba) और सेना प्रवक्ता ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
It happened on September 25, 2026 (Friday). The plane crash occurred in Kenge, in the Democratic Republic of the Congo, when the aircraft was returning from Kikwit to Kinshasa.
— 平本オズワルド (@osvaldohiramoto) September 26, 2026
pic.twitter.com/TEPiwVAUdU
सुरक्षा संकट के बीच हुआ हादसा
यह विमान दुर्घटना कांगो में जारी सुरक्षा संकट के बीच हुई है, जहां देश की सेना पूर्वी हिस्से में कई सशस्त्र समूहों के खिलाफ संघर्ष कर रही है। इनमें रवांडा समर्थित एम23 (M23) विद्रोही समूह प्रमुख है, जिसने हाल के हमलों के बाद पूर्वी कांगो के कई महत्वपूर्ण शहरों पर कब्जा जमा रखा है।
