कुदरत का कहर या अद्भुत नजारा? बुर्ज खलीफा के शिखर पर गिरी आकाशीय बिजली, सामने आया रोंगटे खड़े करने वाला वीडियो
punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 06:14 PM (IST)
इंटरनेशनल डेस्क: दुबई में हाल ही में प्रकृति का एक ऐसा रूप देखने को मिला, जिसने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया। गरजते बादलों के बीच से निकली बिजली की लकीर सीधे दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा के शिखर से जा टकराई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
एक पल के लिए चमक उठा दुबई
जैसे ही बिजली इमारत की चोटी से टकराई, एक पल के लिए पूरा दुबई शहर दिन की तरह चमक उठा। कैमरे में कैद हुए इन दृश्यों में देखा जा सकता है कि कैसे बिजली की लहरें ऊंची मीनार के चारों ओर फैल गईं। इंटरनेट पर लोग इस मंजर को देखकर दंग हैं, कुछ इसे 'डरावना' बता रहे हैं तो कुछ के लिए यह 'अविश्वसनीय' है।
बुर्ज खलीफा ही क्यों बनती है बिजली का निशाना?
अक्सर मन में सवाल आता है कि बिजली बार-बार इसी इमारत पर क्यों गिरती है? विज्ञान की भाषा में समझें तो बुर्ज खलीफा की ऊंचाई (828 मीटर) इसे आसमान के सबसे करीब ले जाती है। अपनी विशाल ऊंचाई के कारण यह पूरी दुबई स्काईलाइन के लिए एक विशाल 'लाइटनिंग रॉड' की तरह काम करती है, जो बादलों के आवेश को अपनी ओर खींच लेती है।
<
Fantastic #Lightning hitting the top of the Burj Khalifa, #Dubai, UAE this evening as severe thunderstorms affect the city! #Thunderstorm ⚡️⚡️pic.twitter.com/g39PEvu49t
— WEATHER/ METEO WORLD (@StormchaserUKEU) March 26, 2026
>
इतनी बिजली गिरने के बाद भी कैसे सुरक्षित है इमारत?
यहां पर हैरान करने वाली बात यह है कि शक्तिशाली बिजली गिरने के बावजूद न तो इमारत को कोई नुकसान हुआ और न ही इसके अंदर मौजूद हजारों लोगों को। इमारत के सबसे ऊपरी हिस्से पर विशेष धातु की रॉड लगी है जो बिजली को अपनी ओर आकर्षित कर सुरक्षित तरीके से पकड़ लेती है। बुर्ज खलीफा का बाहरी ढांचा स्टील और एल्युमीनियम से बना है, जो बिजली के लिए एक रास्ते का काम करता है। करंट इमारत के बाहरी हिस्से से होता हुआ सीधे जमीन के गहरे हिस्से में समा जाता है। इस प्रक्रिया में बिजली इमारत के अंदरूनी हिस्सों या बिजली के उपकरणों तक नहीं पहुंच पाती।
