1.07 करोड़ में बिका खत, इसलिए है खास

Tuesday, Oct 24, 2017 - 12:59 PM (IST)


लंदनः टाइटेनिक हादसे से जुड़ा एक खत करोड़ों रुपए में बिका है। टाइटेनिकजहाज पर सवार एक अमरीकी कारोबारी ऑस्कर हॉलवरसन ने इस जहाज के डूबने से 2 दिन पहले 13 अप्रैल,1912 को अपनी मां के नाम एक खत लिखा था। यह खत यहां एक नीलामी में 1.66 लाख डॉलर (करीब 1.07 करोड़ रुपए) में बिका। यह खत लिखने के 2 दिन बाद यानी 15 अप्रैल, 1912 को टाइटेनिक अटलांटिक सागर में हिमखंड से टकराने के बाद डूब गया और पानी में सबसे बड़ी त्रासदी वाली घटना हो गई। नीलामीकर्ता एंड्रयू एल्ड्रिज ने इस पत्र की नीलामी का मूल्य 80 हजार डॉलर से 1.05 लाख डॉलर के बीच रखा था। लेकिन एक गुमनाम ब्रिटिश व्यक्ति ने रिकॉर्ड बोली लगाकर खत को अपने नाम कर लिया। इस नीलामी ने 2014 में बिके उस खत का रिकॉर्ड तोड़ दिया जो टाइटेनिक डूबने से कुछ घंटे पहले ही लिखा गया था। इस पत्र की नीलामी 1.57 लाख डॉलर (करीब 1.02 करोड़ रुपए) में हुई थी। 

टाइटेनिक पर सवार ऑस्कर अपनी पत्नी मैरी के साथ ब्रिटेन के साउथैंपटन से न्यूयॉर्क जा रहे थे। हादसे में उनकी मौत हो गई थी, लेकिन उनकी पत्नी बच गई। यह खत ऑस्कर के कोट की जेब से मिला था। ऑस्कर ने खत में अपनी मां को न्यूयॉर्क आने की सूचना दी थी। उन्होंने जहाज की भव्यता का भी जिक्र करते हुए लिखा था कि इसके जैसा दूसरा जहाज कभी नहीं देखा। ऑस्कर ने इसमें अपने सहयात्री जॉन जैकब एस्टर को दुनिया का सबसे अमीर आदमी बताया था। एस्टर भी हादसे में बच नहीं पाए थे।

Advertising