ट्रंप की इस बात को लेकर डरी हुई हैं हिलेरी

Thursday, Oct 20, 2016 - 12:36 PM (IST)

लास वेगास: अमरीका में 8 नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनावों के लिए रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने चुनाव के परिणाम को स्वीकार करने पर कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।


इन बातों को लेकर भिड़े दोनों प्रतिद्धदी
डैमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन के साथ तीसरे और अंतिम बहस(प्रेसिडेंशियल डिबेट) में ट्रंप ने कहा मैं इंतजार करुंगा कि क्या चुनाव परिणाम वैध हैं या नहीं।मैं वक्त आने पर इस बारे में बताऊंगा और तब तक इस मामले पर असमंजस की स्थिति को बनाए रखूंगा। उन्होंने महिलाओं को लेकर टिप्पणी को झूठी कहानियां करार दिया।

ट्रंप ने आरोप लगाया था कि मीडिया भी उनकी प्रतिद्वंदी और डैमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन को जिताने के लिए बेईमानी कर रहा है। उन्होंने चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा था कि मीडिया चुनाव में हिलेरी को बढ़त दिलानेे के लिए धांधली कर रहा है। यही नहीं, कई मतदान स्थलों पर भी धांधली होने की आशंका है जो दुखद है। 


लोकतंत्र को बदनाम कर रहे हैं ट्रंप
ट्रंप के इस बयान पर क्लिंटन ने कहा ट्रंप के इस बयान के बारे में स्पष्ट कर लेना चाहिए कि वह क्या कह रहे हैं और उसका क्या मतलब है। वह हमारे लोकतंत्र को बदनाम कर रहे हैं और मैं बिल्कुल डरी हुई हूं कि चुनावों के लिए 2 प्रमुख पार्टियों में से एक का उम्मीदवार ऐसी बात कर रहा है।

क्लिंटन ने वर्ष 2005 के ट्रंप के वीडियो पर निशाना साधते हुए कहा उन्हें लगता है कि महिलाओं को कमतर आंक कर वह बड़े हो जाएंगे। वह महिलाओं के सम्मान, आत्मविश्वास पर निशाना साधते हैं। मुझे नहीं लगता कि कोई भी ऐसी महिला होगी जो इन बातों से आहत ना होती हो।  क्लिंटन ने कहा ट्रंप की राजनीति बहुत खतरनाक है। उनकी राजनीति विभाजनकारी, हिंसात्मक है।वह एेसे लोगों का उत्साहवर्धन करते हैं जो उनकी सभाओं में लोगों पर हमला करते हैं। यह अमरीका जैसा बिल्कुल नहीं है।

Advertising