म्यांमा में भूस्खलन में 22 लोगों की मौत, कई लापता

Saturday, Aug 10, 2019 - 12:38 PM (IST)

यांगूनः दक्षिणपूर्वी म्यांमा में भूस्खलन में एक गांव के 12 से अधिक मकान ढह गए जिससे कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई और करीब 30 अन्य लोग घायल हो गए। मीडिया में शनिवार को आयी खबरों में यह जानकारी दी गई। बचावकर्ता पाउंग शहर में स्थित गांव से मिट्टी तथा मलबा हटाने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल कर रहे हैं। म्यांमा के ‘द ग्लोबल न्यू लाइट' अखबार ने बताया कि कुछ निवासी अब भी लापता हैं।

 

मोन प्रांत में शीर्ष अधिकारी अये जान घटनास्थल पर गए और उन गांववालों से मिले जो मूसलाधार बारिश के बाद बाढ़ से बचने के लिए एक राहत शिविर में रह रहे हैं। मानवीय मामलों के समन्वय के लिए संयुक्त राष्ट्र के कार्यालय ने बताया कि मोन प्रांत में इस सप्ताह 7,000 से अधिक लोग मानसून की बाढ़ के कारण विस्थापित हुए हैं। पाउंग में भूस्खलन के अलावा अन्य शहरों में मकान और स्कूल बह गए, सड़कें अवरुद्ध हो गईं और गांव जलमग्न हो गए।
 

Tanuja

Advertising